Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफतेहपुर: बिजली के करंट की चपेट आई किशोरी, मौत

फतेहपुर: बिजली के करंट की चपेट आई किशोरी, मौत

फतेहपुर (हि.स.)। जिले में शनिवार को एक किशोरी खेत में लगे तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने जमकर हंगामा काटा और खेत मालिक पर मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। किसी तरह समझा बुझाकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

असोथर थाना क्षेत्र के छिछनी गांव निवासी स्वेवल (15) पुत्री दिनेश रैदास आज करीब दस बजे खेत में स्थित मंदिर में पूजा करने के लिए गई थी। परिजनों ने बताया कि गांव किनारे हरिशंकर द्विवेदी का खेत है। छुट्टा मवेशियों से फसलों की सुरक्षा के लिए खेत को लोहे के तार से घेरा गया था जिसमें करंट दौड़ रहा था। किशोरी जब खेत के पास से गुजर रही थी तभी उसका हाथ तार से छू गया। इससे किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन फानन मौके पर पहुंचे परिजनों ने खेत मालिक पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की और कहा कि खेतों की रखवाली करने के लिए लगाये गए तारों में करंट प्रवाह करने से फसल तो बच जाएगी लेकिन इस तरह की लापरवाही से आये दिन कोई न कोई हादसे का शिकार होता रहेगा। जिसकी कीमत जान देकर चुकानी पड़ेगी। ऐसी लापरवाही करने वाले के खिलाफ पुलिस के साथ बिजली विभाग से भी कार्रवाई किये जाने की ग्रामीणों ने आवाज उठाई है।

क्षेत्राधिकारी थरियांव अनिल कुमार ने बताया कि एक किशोरी की करंट लगने से मौत हुई है। पीड़ित की ओर से अभी कोई तहरीर नही मिली है। यदि मामला आया तो कार्रवाई की जाएगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

देवेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular