-निर्माणाधीन गौशाला का पूर्वमंत्री व विधायक ने किया औचक निरीक्षण
फतेहपुर (हि.स.) । जिले में गुरुवार को क्षेत्र की एक निर्माणाधीन गौशाला को ग्रामीणों की शिकायत पर क्षेत्रीय भाजपा विधायक व पूर्वमंत्री राजेन्द्र पटेल ने औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। मौके पर काम में शिथिलता पाये जाने पर विधायक ने ठेकेदार को चेतावनी देते हुए शीघ्र कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। निर्माणाधीन गौशाला पहुंचे विधायक से ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया कि नियत छह माह में काम को पूर्ण किया जाना था लेकिन अभी तक काम पूर्ण नहीं किया जा सका है।
विकासखंड देवमई के ग्रामसभा भैसौली के मजरे बिसरौली में पूर्वमंत्री व जहानाबाद विधानसभा विधायक राजेंद्र पटेल ने निर्माणाधीन गौशाला का निरीक्षण किया। मौके पर प्रधान और ग्रामीणों ने बताया कि यहां पर अगर नाले का निर्माण नहीं कराया गया तो गौशाला के पूरे मैदान में जलभराव हो जायेगा। विधायक ने खंड विकास अधिकारी देवमई सुषमा देवी को बुलाकर मौके का निरीक्षण करवाया और निर्देशित किया कि गौशाला में बरसात के पहले नाले का निर्माण हो जाना चाहिए।
विधानसभा चुनाव के पूर्व दो गौशाले का उद्घाटन पूर्व विधायक जय कुमार जैकी ने किया था, जिसका निर्माण 6 माह के अंदर पूरा होना तय था। लेकिन मौके पर अभी सिर्फ शेडों का जमीनी कार्य हुआ है।
जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल ने ठेकेदार को बुलाकर सख्त चेतावनी देते हुए कार्य को समय से पूर्ण करने के लिए निर्देश दिया।
इस मौके पर ग्राम प्रधान अरशद खान, सुनील मिश्रा, मनीष गुप्ता, वीरेंद्र, सुनील यादव आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
देवेन्द्र
