-केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व प्रदेश कारागार राज्यमंत्री जयकुमार जैकी गांव पहुँच कर शहीद के शव पर अर्पित किये पुष्प
फतेहपुर (हि.स.)। जिले की बिंदकी तहसील के नंदापुर गांव में गुरुवार को शहीद सैनिक का पार्थिव शरीर पहुंचा। सुबह से ही गांव में हजारों लोगों का जनसैलाब शहीद सैनिक के अन्तिम दर्शन के इंतजार में मौजूद रहा। जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा मौजूद लोगों की आंखे नम हो गयी और जनसैलाब अन्तिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा।
केन्द्रीय राज्यमंत्री व जिले की सांसद साध्वी निरंजन ज्योति व प्रदेश कारागार राज्यमंत्री जयकुमार सिंह जैकी भी गांव पहुँच शहीद सैनिक को पुष्प अर्पित करके अन्तिम विदाई दी।
जिले का लाल देश के लिए विगत शनिवार को आंतकवादियों से मुठभेड़ में शहीद हो गया था जैसे ही इस घटना की सूचना गांव पहुंची। परिजन बदहवास हो गये उन पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोग शोक में डूब गये। तब से परिजन रो रोकर बेहाल थे।
बता दें कि बिन्दकी तहसील क्षेत्र के नंदापुर गांव निवासी अरुण कुमार तिवारी का पुत्र त्रिवेद प्रकाश तिवारी सिपाही के रूप में सन् 2015 में नासिक महाराष्ट्र में सेना में भर्ती हुआ था और इस समय जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में 332 मीडियम रेजिमेंट 06 आरआर डेल्टा कंपनी में जीडी गनर के पद पर तैनात था।
पिता अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि बीते शनिवार की शाम को सेना के अधिकारियों द्वारा सूचना मिली कि मुठभेड़ के दौरान त्रिवेद तिवारी को गोली लग गई थी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये थे। लगभग तीन घंटे बाद फिर से सूचना मिली कि वह शहीद हो गये हैं।
शहादत की सूचना के बाद से गांव व शहीद जवान का परिवार शोक में डूब गया। आज सुबह शहीद सैनिक का शव सेना का गाड़ी में जैसे ही गांव पहुंचा उसके अन्तिम दर्शन के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर कोई जिले के लाल की एक झलक पाने के लिए बेचैन दिखा। प्रशासन को व्यवस्था बनाये रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
खबर मिलते ही केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व प्रदेश कारागार राज्यमंत्री जयकुमार सिंह जैकी भी गांव पहुंच कर शहीद त्रिवेद प्रकाश तिवारी को पुष्प अर्पित कर भावभींनी अन्तिम विदाई दी। केन्द्रीय मंत्री ने परिजनों को ढांढ़स बंधाते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि केन्द्र सरकार से शहीद के स्मारक बनवाने की कोशिश की जायेगी। वहीं प्रदेश सरकार के कारागार राज्यमंत्री ने भी योगी सरकार से शहीद परिवार को हर मदद का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे व उपजिलाधिकारी बिन्दकी प्रियंका ने भी गांव पहुंच कर शहीद के परिवार का सांत्वना दी और शहीद के शव में पुष्पांजलि अर्पित किया।
वहीं शहीद जवान के बड़े भाई वेद प्रकाश तिवारी ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि शहीद हुए छोटे भाई के नाम से गांव में स्मारक बनाया जाए और साथ ही मुगल रोड सैंबसी मिस्सी मार्ग से ग्राम नंदापुर गांव तक का रास्ता उसके भाई के नाम से बनाया जाए।
