-शादी का झांसा देकर युवती के साथ बनाये शारीरिक संबंध, प्रेग्नेंट होने पर जबरन कराया गर्भपात
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में सोमवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर युवती के दुष्कर्म करने, जबरन गर्भपात कराने व घर में घुसकर लूटपाट करने की संगीन धाराओं में चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने व घर मे घुसकर मारपीट व लूटपाट का आरोप लगाया गया है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने आरोप लगाया कि गांव के अंगद ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। 2016 से 2020 तक आरोपी युवक ने उसका शारीरिक शोषण किया। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। आरोपियों ने जबरन उसका गर्भपात करवा दिया। जब युवती ने आरोपी से शादी करने की बात कही तो आरोपी युवक ने मना कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि दबाव बनाने पर आरोपी के पिता दुर्गा प्रसाद, चाचा शिवनरेश, भाई सोनू ने उसके घर में घुसकर गाली गलौज की। विरोध करने पर मारपीट कर लूट पाट की। आरोपी सोने की चेन, नगदी व हाईस्कूल का अंकपत्र समेत कई दस्तावेज लूट ले गए।
पीड़िता ने इसकी शिकायत थाने में की पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद पीड़िता ने तत्कालीन पुलिस अधीक्षक को शिकायत कर न्याय की गुहार लगाया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस से न्याय की उम्मीद पूरी न होने पर पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
थानाध्यक्ष गाजीपुर नीरज यादव ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ बलात्कार, लूटपाट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जायेगा।
