-परिजनों की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
-फरार अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस
कानपुर देहात (हि.स.)। रसूलाबाद थाना क्षेत्र में रविवार को कानपुर के रहने वाले एक युवक की लाश नाले में मिली। घरवालों ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार लिया।
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के हीकेपुर गांव में रविवार की सुबह एक युवक का शव नाले में मिला। मृतक की पहचान कानपुर नगर के कल्याणपुर थानाक्षेत्र निवासी अंकित मिश्रा के रुप में हुई है। घटना की जानकारी पर पहुंचे पिता मनोज मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को पनकी निवासी विनोद तिवारी, उनके बेटे अंकित को कानपुर देहात अपने साढ़ू अवधेश मिश्रा के गांव ले गया था। वहां पर विनोद ने योजनाबद्ध तरीके से अपने साढ़ू और अन्य पांच लोगों के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या कर दी। लाश को गांव के बाहर लगभग छह सौ मीटर दूर एक नाले में फेंक दिया। पुलिस ने प्रार्थी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश में जुट गई है। इधर पुलिस की प्राथमिक जांच में यह पता चला है कि अंकित का अवधेश की नाबालिग बेटी के प्रेम संबंध था। इसी वजह से उसने इस वारदात को अंजाम दिया है।
इस संबध में अपर पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की हत्या की बात सामने आ रही है। घटना वाले दिन हिकेपुर गांव की लड़की के परिवार ने उसे अंकित के साथ देख लिया था। वे दोनों गांव से बाहर जा रहे थे, तभी घरवालों ने इस घटना को अंजाम दे दिया। इस मामले में एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार लिया है।
अवनीश/दीपक
