बलिया(हि. स.)। एसओजी टीम के साथ मिलकर बैरिया थाने की पुलिस ने वाहन चोरों के अन्तरप्रांतीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस पूर्वांचल के जिलों में वाहनों की चोरी को अंजाम देने वाले बिहार के एक गैंग के सरगना समेत चार वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक ट्रक, एक ईको स्पोर्ट कार, एक मोटरसाइकिल सहित अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक एस आनन्द ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि बैरिया क्षेत्र में वाहन चोरी की दो घटनाओं को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी बैरिया मो उस्मान व प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह लगातार सक्रिय थे। इसी बीच बुधवार को भोलेनाथ फिलिंग स्टेशन टोला शिवन राय पर लगा सीसीटीवी कैमरा को देखा गया। जिसमें सफेद रंग की ईको स्पोर्ट फोर व्हीलर गाड़ी पर सवार कुछ लोग चोरी के ट्रक के साथ बिहार की तरफ जा रहे थे। आस-पास के लोगों ने बताया कि कुछ लोग अपाची मोटरसाइकिल से भी थे। ये लोग चोरी के ट्रक को बाबू के भटकन थाना आन्दर जिला सिवान बिहार जा रहे थे। तभी मदेशिलापुर मोड़ बाबू के भटकन के पास एक सफेद रंग की पश्चिम बंगाल नम्बर की ईको कार नम्बर आती हुई दिखाई पड़ी। इस पर तत्काल ही पुलिस टीम ने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही गाड़ी में बैठे हुए दो लोग उतर कर भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस टीम ने संतोष साह पुत्र राजपति साह निवासी बाबू के भटकन थाना आन्दर जिला सिवान को पकड़ लिया। जिसके पास से एक तमंचा व तीन जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गाड़ी के अन्दर से गाड़ियों के लॉक तोड़ने सम्बन्धित औजार व चाभियों का एक गुच्छा भी बरामद हुआ। फरार व्यक्ति की पहचान कमलेश शाह पुत्र राजपति शाह के रूप में हुई। पकड़े गए वाहन चोर संतोष साह ने पूछताछ में बताया कि हम लोगों का एक संगठित गिरोह है। जिसमें नौ लोग शामिल हैं। सभी लोग अलग-अलग स्थानों से गाड़ियों की चोरी करते हैं। बकौल एसपी है लोग फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर बेच कर अपना जीवनयापन करते हैं। ईको कार भी चोरी की ही निकली। जिसे देवरिया से चोरी किया गया है। बीते 26 जून की रात में बैरिया के दूबे छपरा से यूपी 65 एटी 2883 नम्बर की ट्रक चोरी किए थे। जिसे पटना निवासी मुकेश सिंह को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था। तीन दिन रात को सिवन टोला पेट्रोल टंकी के पास से चोरी गए ट्रक को बेचने के लिए लेकर जा रहे थे।
पकड़े गए अभियुक्त संतोष साह की निशानदेही पर बहदग्राम प्रतापपुर ईट भट्टा के पास से पुलिस टीम ने घेराबन्दी कर ट्रक बेचने जा रहे गिरोह के सरगना चन्द्रभूषण सिंह पुत्र जितेन्द्र सिंह निवासी छित्तनपुर थाना असांव जिला सिवान बिहार व चंदन यादव पुत्र विजाधर यादव निवासी बलुआ मठिया थाना दरौली जिला सिवान बिहार को पकड़ लिया। वहीं, अपाची मोटरसाइकिल पर सवार शशिरंजन तिवारी पुत्र परमहंस तिवारी निवासी बेलऊ थाना दरौली जिला सिवान बिहार को भी पकड़ लिया गया। बाकी लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
एन पंकज/राजेश
