Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपूर्वांचल एक्सप्रेसवे जिले के विकास और रोजगार के लिए संजीवनी साबित होगा

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जिले के विकास और रोजगार के लिए संजीवनी साबित होगा

मऊ(हि.स.)। पूर्वांचल के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे राजधानी से शुरू होकर नौ जिलों से गुजरती हुई गाजीपुर जिले तक अपने साथ-साथ विकास की रफ्तार को भी तेजी देने के लिए बिल्कुल तैयार है। इन नौ जिलों में मऊ भी शुमार है। मऊ मुख्यालय से कुछ किलोमीटर की दूरी से ही जुड़ा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे यहां के लोगों के लिए भी रोजगार और विकास के लिए संजीवनी का काम कर रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे उद्घाटन के लिए बिल्कुल तैयार खड़ा है। 16 नवम्बर को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उद्घाटन प्रस्तावित भी है। प्रदेश के सबसे लम्बे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे ने पूर्वांचल की जनता को आधारभूत सुविधाओं से तो जोड़ा ही है, औद्योगिक नजरिए से भी यह एक्सप्रेस से यहां की जनता के लिए काफी लाभदायक बन गया है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को लेकर के समाज के सभी वर्गों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिले से गुजर रही एक्सप्रेस-वे जिले को राजधानी से जोड़ रही है। पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का ठहराव जिले में नहीं था, जिससे यहां के लोग काफी मायूस थे किंतु पिछले दिनों प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी द्वारा जिले के रानीपुर से एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने उतरने की सुविधा की जानकारी देने के बाद यहां के लोग काफी खुश हैं।

किसान जहां इस बात से खुश हैं कि अब उन्हें अपने फसलों को बड़े शहरों तक पहुंचाने के लिए कम समय में सुविधा का लाभ मिलेगा। वहीं व्यापारी और उद्यमी इस बात को लेकर खुश हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के बन जाने से महज कुछ घंटों में ही उनके उत्पाद बड़े जिलों तक पहुंचाया जा सकता हैं। आने वाले समय में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे बड़े और छोटे उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। रोजगार के साधन बढ़ेंगे लोगों की आमदनी बढ़ेगी। लोग इसे पूर्वांचल खुशहाली एक्सप्रेस वे भी कहते दिखे।

इस बाबत जिले के प्रतिष्ठित उद्यमी और समाजसेवी प्रतीक जायसवाल ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पूर्वांचल के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मऊ के लोगों के लिए एक्सप्रेस-वे काफी लाभदायक है। कोई भी उद्यमी तभी आपके आता है जब आवागमन की अच्छी सुविधा हो अपना कच्चा माल मंगा सके, अपने सामान को अन्यत्र भेज सकें इसलिए उद्योगों के दृष्टिकोण से भी एक्सप्रेस-वे बहुत फायदेमंद है। सब्जी अनाज दलहन तिलहन इत्यादि को बड़े-बड़े मंडियों में पहुंचाने में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे काफी सहायक होगी। छोटे उद्यमी माल तो तैयार कर पाते थे लेकिन अन्य जिलों में सप्लाई करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था ,छोटे उद्यमी अपने उद्यम को ट्रांसपोर्टेशन के माध्यम से बढ़ा सकते हैं । पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे यहां के लोगों के लिए संजीवनी का काम करेग । पूर्वांचल के किसान देश की मुख्यधारा से जुड़ गए ।पूर्वांचल एक्सप्रेस—वे से रोजगार के साधनों का सृजन होगा और लोगों को उद्योगों के माध्यम से रोजगार मिलेंगे ।

शिक्षक सर्वेश पांडेय का कहना है पहले लखनऊ जाने के लिए 10 घंटे लग जाया करते थे ।कभी कभी जाम लग जाने के कारण उससे भी अधिक समय लग जाया करता था। लेकिन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बन जाने से मऊ के लोगों को लखनऊ पहुंचने में महज 3 से 4 घंटे ही लगेंगे। मरीजों को आपातकालीन स्थिति में पीजीआई लखनऊ की सुविधा बड़ी आसानी से मिल सकती है,जबकि पढ़ने वाले बच्चे भी इस एक्सप्रेस वे से काफी लाभान्वित होंगे ।

एक्सप्रेस-वे के अगल-बगल के क्षेत्र के किसानों ने बताया कि किसान अब खेत में फसल उगा करके आसानी से राजधानी और उसके अगल-बगल के जिलों तक फसल पहुंचा सकता है और लाभ कमा सकता है। किसान मनजीत सिंह ने बताया कि हम लोग सपने में भी नहीं सोच सकते थे कि इतना बढ़िया एक्सप्रेस-वे हम पूर्वांचल वालों को मिलेगा। अब हम अपनी फसल आसानी से दूसरे जिलों में कम समय में पहुंचा पाएंगे और लाभ कमा पाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular