बलिया (हि. स.)। बिहार से आए बदमाशों को जिले की पुलिस पर फायर करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने घेराबंदी कर एक मुठभेड़ में बिहार के सिवान के रहने वाले दो बदमाशों को दबोच लिया। जबकि एक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। वहीं, चार सिपाही भी घायल हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक राजकरण नय्यर ने गुरुवार दोपहर में बताया कि प्रभारी निरीक्षक रसड़ा हिमेन्द्र सिंह व चौकी प्रभारी पकवाइनार औरंगजेब खां वाहन चोरों की तलाश करते हुये काली मन्दिर नीबू कबीरपुर मोड़ के पास भर में लगभग साढ़े तीन बजे संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। तभी सिधागर घाट की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई पड़ी। जिसको रुकने का इशारा करते हुये रोका गया तो उस पर सवार तीन लोग रोहना गांव को जाने वाली रोड पर मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो फायर करते हुये भागने लगे। इंस्पेक्टर हिमेन्द्र सिंह ने आत्मरक्षार्थ अपनी पिस्टल से एक फायर किया। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे हुये अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगने से मोटरसाइकिल गिर गयी। जिस अपराधी को गोली लगी थी, वह वहीं पर गिर गया। दो व्यक्ति अंधेरे में खेतों की तरफ भागने लगे। जिनकी घेराबन्दी करते हुये पीछा किया गया तो दूसरा अपराधी भी खेत में ही पकड़ लिया गया। जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम को भी चोटें आयी है। बदमाश सुनील कुमार सिंह व घायल एसआई औरंगजेब खां, सिपाही आलोक कुमार, सिपाही कृष्ण कुमार यादव तथा सिपाही चन्द्रभान यादव को इलाज के लिए सीएचसी रसड़ा भेजा गया। पकड़े गये अभियुक्तगणों के विरुद्ध स्थानीय थाने पर मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
कई जिलों में करते हैं वाहन चोरी
एसपी पकड़े गये अपराधियों से पूछताछ की गयी तो पहले ने अपना नाम सुनील सिंह पुत्र योगेन्द्र सिंह निवासी ग्राम हरिहास थाना हुसैनगंज जिला सिवान बिहार बताया। जिसके पास से .315 बोर का तमंचा व चैम्बर में लगा एक खोखा कारतूस व एक जिन्दा कारतूस के साथ ही 4290 रूपये बरामद हुए। दूसरे ने अपना नाम मुकेश चौधरी पुत्र कपिल चौधरी निवासी ग्राम सूरापुर थाना हुसैनगंज जनपद सिवान बिहार बताया। इसके पास से भी .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। जिसके चैम्बर के अन्दर एक मिस कारतूस व जिंदा कारतूस के साथ ही 3850 रूपये बरामद हुए। फरार अपराधी की पहचान अंगद यादव पुत्र धनेश्वर यादव निवासी परसैना थाना तुरकौलिया जनपद पूर्वी चम्पारण बिहार के रूप में हुई।
एसपी श्री अय्यर के मुताबिक तीनों ने मिलकर चार नवम्बर को रसड़ा रेलवे क्रासिंग के पास से एक बोलेरो गाड़ी चोरी किया था। जिसको ले जाकर मोतिहारी में 85 हजार रूपये में बेच दिए थे। तीनों ने स्वीकार किया है कि कई जनपदों में गाड़ियों को चोरियां की है। कई बार जेल भी जा चुके हैं।
पंकज
