वाराणसी (हि.स.)। श्री काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण समारोह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की सुरक्षा सम्बंधी तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही है। बाबा धाम और अति विशिष्ट राजनेताओं की सुरक्षा को लेकर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ब्लू प्रिंट तैयार कर इसे जमीन पर उतारने के लिए होमवर्क कर रहा है।
सोमवार को पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने अफसरों के साथ विश्वनाथ धाम और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीवीआईपी आगमन को लेकर अधिकारियों से विमर्श के बाद आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
पुलिस कमिश्नर ने ब्रीफिंग के बाद अफसरों के साथ राजघाट भी का निरीक्षण किया। यहीं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 दिसम्बर को बाबा धाम जाने के लिए क्रूज पर सवार होंगे। घाट पर सूक्ष्मता से कई बिंदुओं को उन्होंने परखा। डीसीपी काशी राम सेवक गौतम, एसीपी दशाश्वमेध अफसरों ने सुरक्षा की तैयार नई कार्ययोजना से उन्हें अवगत कराया।
धाम की सुरक्षा व्यवस्था को दो जोन में बांटा जाएगा। प्रत्येक जोन में 10 सेंटर बनायें जायेंगे। विश्वनाथ धाम परिसर में इंटीग्रेटेड कमांड व कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कंट्रोल रूम के जरिये परिसर के चप्पे-चप्पे की निगहबानी होगी। मंदिर परिसर में पुलिस, पीएसी, सीआरपीएफ के सशस्त्र जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी की टीम मुस्तैद रहेगी।
श्रीधर
