मेरठ(हि.स.)। पश्चिम उत्तर प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सोमवार की सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। बारिश से खेत में खड़ी और कटी हुई धान की फसल को मोटा नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी फसल जमीन पर गिर गई।
मौसम विभाग ने पहले ही भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। इस कारण मेरठ जनपद में जिला प्रशासन ने सोमवार को कक्षा एक से 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया था। इस कारण सोमवार को सभी स्कूल बंद रहे। सुबह से हो रही बारिश के कारण गली-मोहल्लों और मुख्य सड़कों तक जलभराव हो गया। इस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मेरठ के जागृति विहार, शास्त्रीनगर, कंकरखेड़ा, खैर नगर, जाकिर कॉलोनी, लिसाड़ी रोड, ब्रह्मपुरी, माधवपुरम आदि इलाकों में पानी भर गया। रविवार की पूरी रात बारिश होती रही, इससे धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है।
फतेहपुर नारायण गांव के किसान मनोज त्यागी का कहना है कि भारी बारिश के कारण धान की खड़ी फसल जमीन पर गिर गई है। जबकि कटी हुई फसल पानी में डूब गई है। इससे किसानों को मोटा नुकसान होगा। इसके साथ ही लौकी, तुरई, करेला आदि सब्जियों को भी बारिश से नुकसान होगा।
