गोण्डा।
परिवहन विभाग की ओर से चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान ने यहां होश उड़ा रखे हैं। नतीजा यह है अब यातायात नियमों को लेकर लोगों की नींद टूट रही है। दिन और रात चल रहे अभियान के तहत चालान पर चालान किए जा रहे हैं।
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत एक ओर जहां लोगों से यातायात नियमों के पालन की अपील की जा रही है वहीं जगह -जगह पब्लिसिटी वैन के माध्यम से यातायात नियमों का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। शुक्रवार रात उपजिलाधिकारी सदर विनोद सिंह,क्षेत्राधिकारी सदर लक्ष्मी कांत गौतम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बबिता वर्मा , यात्री कर अधिकारी शैलेन्द्र व खनन निरीक्षक शिव दयाल सिंह ने कमान संभाली। नगर से हर तरफ जाने वाले मार्गों पर ओवरलोड वाहनों को पकड़ने के लिए गश्त की गई। एक वाहन को निरुद्ध भी किया गया।यात्री कर अधिकारी द्वारा अनाधिकृत रूप से संचालित 5 बसों के खिलाफ चालान की कार्यवाही करते हुए 4 बसों को बंद किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य अभियोगों में 40 वाहनों का चालान भी किया गया।

