लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम बुधवार को अपनी 50वीं वर्षगांठ मना रहा है। लखनऊ के डालीबाग स्थित गन्ना संस्थान में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि परिवहन निगम प्रतिवर्ष 1000 बसों को अपने बेड़े में जोड़ेगा।
परिवहन मंत्री ने कहा कि परिवहन निगम में 3,600 संविदा चालकों और परिचालकों की भर्ती की जा रही है। आने वाले समय में परिवहन निगम इलेक्ट्रिक बसों (ई-बसों) के संचालन पर विचार कर रहा है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्यों में योगदान करने वाले परिवहन निगम के 240 बस चालकों-परिचालकों, 88 कार्यशाला कर्मचारियों, 17 सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धकों (डिपो), 03 क्षेत्रीय प्रबन्धकों, 03 सेवा प्रबन्धकों, (नोएडा, झांसी, देवीपाटन क्षेत्र), 05 प्रवर्तन कर्मचारियों, निगम मुख्यालय के 09 अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। इसमें सभी इकाइयों और सभी शाखाओं के कार्मिक सम्मिलित हैं।
परिवहन मंत्री ने सर्वश्रेष्ठ तीन क्षेत्रों को ट्राफी देकर सम्मानित किया है। इसमें प्रथम स्थान पर नोएडा, द्वितीय स्थान पर झांसी एवं तृतीय स्थान पर देवीपाटन क्षेत्र रहा है। स्वर्ण जयंती कार्यक्रम की अध्यक्षता परिवहन निगम के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार तिवारी ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह थे। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव परिवहन एल. वेंकटेश्वर लू, सेवानिवृृत्त पूर्व प्रबन्ध निदेशक रवीन्द्र सिंह, परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक आरपी सिंह, परिवहन विभाग के विशेष सचिव अखिलेश मिश्र, परिवहन निगम की अपर प्रबन्ध निदेशक अन्नपूर्णा गर्ग, वित्त नियंत्रक संजय सिंह के साथ तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
दीपक
