Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपंजाब में दलित मुख्यमंत्री का अपमान, यूपी में नाटक : रमापति शास्त्री

पंजाब में दलित मुख्यमंत्री का अपमान, यूपी में नाटक : रमापति शास्त्री

-मंच से सिद्धू ने चन्नी के प्रति अपशब्द कहे, लेकिन राहुल-प्रियंका को नहीं दिखा दलित अपमान

-उप्र के मंत्री बोले, दलितों से प्रेम है तो सिद्धू पर कार्रवाई करे कांग्रेस

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी के दलित प्रेम को सियासी नाटक करार दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के चहेते नवजोत सिंह सिद्धू ने खुले मंच से पंजाब के दलित मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को अपशब्दों से नवाजा था, फिर भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

रमापति शास्त्री ने कहा कि प्रियंका गांधी को पंजाब में दलित मुख्यमंत्री का अपमान नहीं दिख रहा, लेकिन उप्र में वह दलित प्रेम की घड़ियाली आंसू बहा रहीं हैं। यही कांग्रेस का असली चेहरा और चरित्र है। जबकि भाजपा दलितों के विकास के साथ उन्हें आत्मसम्मान से जीने का अवसर भी दे रही है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने प्रयागराज कुम्भ में दलित सफाई कर्मचारियों के पांव पखार कर उनके आत्म सम्मान को बढ़ाया था ।

कैबिनेट मंत्री शास्त्री ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के दलित प्रेम पर तंज कसते हुए कहा कि दलितों का अपमान करना कांग्रेस का इतिहास रहा है। कांग्रेस आज भी इसी परम्परा पर चल रही है। शास्त्री ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री चन्नी के विरुद्ध अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘‘यह (चन्नी) 2022 में कांग्रेस का पंजाब में बेड़ा गर्क कर देगा।’’ खुले मंच से एक दलित मुख्यमंत्री का इस तरह अपमान कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को कहीं से नहीं कचोटा। उल्टे सिद्धू को और बढ़ावा दिया जा रहा है ।

ऐसे में उत्तर प्रदेश के सियासी पर्यटन पर आते ही प्रियंका गांधी का कैमरे के सामने दलित बस्ती में झाड़ू लगाना महज सियासी नाटक है। दलित समाज कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र से भली-भांति अवगत हो चुका है। लम्बे समय तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस ने कभी दलितों को आत्मसम्मान से जीने का अवसर ही नहीं दिया। केवल गरीबी हटाओ का नारा देकर गरीबों का हक छीना और वोट बैंक के रूप में उनका इस्तेमाल किया।

शास्त्री ने कहा कि आज मोदी और योगी सरकार दलितों व वंचितों के जीवन में उजियारा ला रही है। दलितों और गरीबों को निःशुल्क आवास, निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, निःशुल्क बिजली कनेक्शन, निःशुल्क राशन, पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दे रही है। भाजपा सरकार में पहली बार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े तबके का विकास और सम्मान मिल रहा है, तो प्रियंका दलित प्रेम के ढोंग पर उतर आयीं हैं।

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular