Sunday, September 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपंचायत चुनाव में कानपुर—बुन्देलखण्ड में भाजपा की होगी बड़ी जीत : प्रियंका...

पंचायत चुनाव में कानपुर—बुन्देलखण्ड में भाजपा की होगी बड़ी जीत : प्रियंका रावत

— विधान सभा चुनाव में भी पिछली बार की भांति रहेगा प्रदर्शन

कानपुर (हि.स.)। भाजपा देश की पहली ऐसी पार्टी है जहां पार्टी के अंदर भी लोकतंत्र है और कोई भी कार्यकर्ता किसी भी बड़े पदों पर जा सकता है। इसी के चलते आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है। कानपुर—बुन्देलखण्ड का प्रभार मिलने पर सभी वर्गों को जोड़ने का काम किया जाएगा और पंचायत चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत होगी। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव में भी पिछली बार की भांति प्रदर्शन रहेगा। यह बातें कानपुर में भाजपा नेत्री व कानपुर—बुन्देलखण्ड की प्रभारी प्रियंका रावत ने कही। 

पंचायत और साल 2022 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा ने सभी क्षेत्रों का नट बोल्ट कसना शुरु कर दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने पार्टी के नए महामंत्र‍ियों को संगठन के लि‍हाज से यूपी के छह भागों में प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में पहली बार यह जिम्मेदारी पार्टी ने किसी महिला को दी है। प्रदेश की महासचिव प्रियंका रावत अब यह जिम्मेदारी निभाएंगी। जिम्मेदारी मिलते ही बाराबंकी से पूर्व सांसद रही प्रियंका ने मंगलवार को झांसी का दौरा किया। इससे पहले वह कानपुर में पदाधिकारियों से मिली और पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों से जनता के बीच पार्टी की छवि बराबर बढ़ रही है। पंचायत चुनाव में पार्टी की भारी जीत होगी और आगामी विधानसभा चुनाव में पिछला प्रदर्शन बरकरार रहेगा। बताते चलें कि पिछले विधानसभा चुनाव में कानपुर बुन्देलखण्ड की 52 सीटों में 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी और 2019 के लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर कमल खिला था। इसके पहले कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी समीर सिंह, विजय बहादुर सिंह और अशोक कटारिया रह चुके हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular