खुद की सर्विस रिवाल्वर से मारी गोली, राजस्थान का रहने वाला है मृतक दारोगा
कानपुर, (हि.स.)। घाटमपुर तहसील में निर्माणाधीन नेयवेली पॉवर प्लांट में रविवार को ड्यूटी के दौरान सीआईएसएफ दारोगा ने सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। दारोगा की आत्महत्या की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
सजेती थाना क्षेत्र स्थित नेयवेली पॉवर प्लांट की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ को सौंपी गई थी। बीते कई दिनों से यहां पर मजदूर अपनी मजदूरी को लेकर बवाल कर रहे थे और यह मामला अभी थमा ही नहीं था कि रविवार को ड्यूटी के दौरान सीआईएसएफ के एक दारोगा ने खुद की सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की जानकारी पर पॉवर प्लांट में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर सीआईएसएफ के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। मामला संदिग्ध होने के चलते पुलिस अभी कुछ भी कहने से कतरा रही है और सिर्फ आत्महत्या की बात कह रही है। पुलिस के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताया कि मृतक दारोगा राजस्थान के नागौर जनपद का रहने वाला था और उसका नाम मांगीलाल है।
