गाजियाबाद, (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी के साले व मुरादनगर के भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी हत्याकांड के मुख्य आरोपी गिरीश त्यागी के खिलाफ कार्रवाई नहीं किये जाने से निराश पीड़ित परिवार ने आगामी 10 नवम्बर से मुख्यमंत्री आवास पर अनशन करने की घोषणा की है।
नरेश के पुत्र अभिषेक त्यागी व मामले के चश्मदीद गवाह नवीन त्यागी ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की। उन्होंने राजपाल त्यागी व अजीतपाल त्यागी पर मुकदमे को प्रभावित करने के लिए साज़िश रचने का आरोप लगाते हुए अपनी व परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। अभिषेक ने आरोप लगाया कि ये दोनों उसकी या उसके परिवार की हत्या भी करा सकते हैं। उन्होंने जिले की पुलिस पर आधुनिक राजनीतिक दबाव में काम कर मामले के मुख्य आरोपी गिरीश पाल त्यागी की गिरफ्तारी ना करने का आरोप भी लगाया।
नरेश त्यागी की 9 अक्टूबर 2020 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने कुख्यात बदमाश जितेंद्र त्यागी के अलावा विपिन शर्मा, मनोज कुमार व अर्पण चौधरी को गिरफ्तार किया था। जबकि मामले का मुख्य साजिशकर्ता गिरीश त्यागी पिछले एक वर्ष से फरार है। पुलिस अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस गिरीश त्यागी की 82 सीआरपीसी के आदेश की कार्रवाई कर चुकी है लेकिन अभी तक 83 की कार्रवाई नहीं की है।
आरोप लगाया कि गिरीश त्यागी अपने लोहिया नगर स्थित आवास पर रह रहा है। इसकी जानकारी उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई आज तक नहीं की। उन्होंने कहा कि पुलिस गिरीश त्यागी की कुर्की की कार्रवाई ना करके सीधे 174 आईपीसी के तहत फरारी का मुकदमा दर्ज कर दिया है। उन्होंने कहा कि 82 की कार्रवाई के बाद पुलिस ने ना तो मुनादी कराई है ना उनके निवास पर नोटिस चस्पा कराया है और न ही समाचार पत्रों में उनके फरारी की कोई सूचना प्रकाशित की है, ना ही उन पर कोई इनाम घोषित किया है। अभिषेक त्यागी ने कहा कि गिरीश त्यागी उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी का बेटा है और मुरादनगर विधानसभा से भाजपा विधायक सगा भाई है। उन्होंने घोषणा की कि यदि 09 नवम्बर तक गिरीश को गिरफ्तार नही किया गया तो 10 नवम्बर से परिवार सहित मुख्यमंत्री आवास पर अनशन करेंगे।
