Sunday, March 15, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडल नये बस अड्डे के निर्माण की समस्या का होगा निस्तारण

 नये बस अड्डे के निर्माण की समस्या का होगा निस्तारण

– यातायात के सुचारू रूप से संचालन हेतु किये गये प्रयासो की हुई समीक्षा

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जुड़ने वाले तीनों राष्ट्रीय राजमार्गो पर यातायात के सुचारू रूप से संचालन के लिए मंगलवार को लोकभवन स्थित कमाण्ड सेण्डर में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने की। इसमें मुख्य रूप से सचिव, (गृह) बीडी पाल्सन, डीजीपी डीएस चौहान, पुलिस आयुक्त लखनऊ, एसबी शिरडकर, अपर पुलिस महानिदेशक यातायात अनुपम कुलश्रेष्ठ आदि के विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

इस बैठक में पूर्व की बैठक में विभिन्न बिन्दुओं पर लिए गये निर्णयों एवं लखनऊ से कानपुर, लखनऊ से बाराबंकी एवं लखनऊ से सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात के सुचारू संचालन, सर्विस लेन को अवैध अतिक्रमण से मुक्त करने, समुचित प्रकाश एवं सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अब तक हुई प्रगति की गहन समीक्षा की गयी।

श्री अवस्थी ने यातायात के सुचारू रूप संचालन के लिए विभिन्न विभागों में परस्पर समन्वय से कार्रवाई किये जाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए नगर निगम, जिला व पुलिस प्रशासन, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, लखनऊ विकास प्राधिकरण व यातायात विभाग के लिए नामित नोडल अधिकारियों की एक टीम बना कर प्रभावी पर्यवेक्षण व समुचित कार्रवाई की जाए। यह टीम प्रत्येक सप्ताह बैठक कर यातायात के सुचारू संचालन से संबंधित विभिन्न बिन्दुओ पर परस्पर संवाद कर उसके शीघ्र समाधान के लिए कार्रवाई करेगी तथा उसकी जानकारी शासन को भी देगी।

नगर में ई रिक्शा संचालन से होने वाले जाम की समस्याओं पर भी विचार किया गया। बैठक में सभी ई रिक्शों के पंजीकरण कराये जाने तथा उनके रूट निर्धारण आदि की व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये गये। जिन स्थानों से अवैध अतिक्रमण अथवा अवैध टैक्सी, आटों, बस स्टैण्ड हटाये गये है, उनके पुनः स्थापित होने पर जिला व पुलिस प्रशासन को सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये है।

जाम की समस्या मुख्य रूप से शहर में समय से पहले भारी वाहनो की इंट्री, सर्विस लेन पर अतिक्रमण, सड़कों के किनारे बिना पार्किंग के काम्प्लेक्स का निर्माण, अनियमित वेडिंग जोन, हाईवे और शहर के अन्दर बिना पार्किंग के मैरिज हाल, विद्यालय, कोचिंग, माल, व्यावसायिक प्रतिष्ठाानों के बाहर सड़क पर पार्किंग, प्रतिबन्ध के बावजूद सड़क पर ई रिक्शों का संचालन, एकल दिशा मार्गो का सही से पालन न होने आदि के कारण होती है।

अपर मुख्य सचिव ने इन तथ्यों को ध्यान मे रखते हुए प्रदेश के हर जनपद में जाम से मुक्ति दिलाने के लिये कार्ययोजना तैयार कर उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने तथा उसका विवरण अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये है।

लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार में नया बस अड्डा बनाये जाने के संबंध में आने वाली व्यावहारिक कठिनाईयों पर भी बैठक में विस्तार से विचार विमर्श किया गया। इस कार्य में शीघ्रता लाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। लखनऊ में राजकीय परिवहन निगम के सभी बस स्टैण्ड पर बसों के बाहर सड़क पर खड़े होने से रोकने के लिए निगम ने विशेष दस्ते तैनात किये गए है, जिसकी सूची जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को बैठक में उपलब्ध कराई गई।

लखनऊ को जोड़ने वाले तीनों राजमार्गों के किनारे स्थित सर्विस रोड को अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त कराने के लिये की गयी कार्रवाई की भी समीक्षा की गयी। अतिक्रमणकर्ताओं को अतिक्रमण स्वतः हटाये जाने के लिए संवाद स्थापित कर शीघ्र नियमानुसार अतिक्रमण हटवाये जाने के निर्देश दिये गये है।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष द्वारा बताया गया कि कानपुर रोड पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था के लिए भूमि का चिंन्हाकन किया गया है, जिसे नियमानुसार लीज पर लिये जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि लखनऊ के मास्टर प्लान में भी इसकी समुचित व्यवस्था की गई है। बैठक में यह भी निर्देश दिये गये कि पार्किंग व्यवस्था वाले स्थलों पर शौचालय आदि की जरूरी सुविधाओं की भी व्यवस्था अवश्य सुनिश्चित की जाए।

अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने राष्ट्रीय राजमार्गो विशेषकर शहीद पथ पर भी वाहनों की गति सीमा व उसके उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी से संबंधित पर्याप्त मात्रा में संकेतक एवं चिन्हकों के बोर्ड, स्टीकर आदि को लगवाये जाने में हुई प्रगति की समीक्षा की तथा यह कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दियें।

दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular