– कम्पनी के चार कर्मियों समेत छह के खिलाफ केस दर्ज
हमीरपुर (हि.स.)। हमीरपुर जिले में अठारह लाख रुपये लोन लेने के लिए ठगों ने आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस गोल्ड लोन कम्पनी में नकली सोना गिरवी रख दिया। जांच में सोना नकली पाए जाने पर कम्पनी के मैनेजर ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कम्पनी के चार कर्मी समेत छह लोग नामजद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार है।
जिले के राठ कस्बे में आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस गोल्ड लोन कम्पनी संचालित है। इस कम्पनी में पश्चिम बंगाल के नार्थ निवासी निहार विश्वास एरिया मैनेजर के पद पर तैनात है। बताया कि कम्पनी में हरदोई के अजमत नगर निवासी संदीप शाखा प्रमुख, परसोली निवासी आलोक प्रताप सहायक शाखा प्रमुख, प्रतापगढ़ के रामपुर निवासी अनुज प्रताप सिंह तथा बांदा के मोहित सहायक स्टाफ के पद पर तैनात हैं।
एरिया मैनेजर ने बताया कि इस वर्ष 26 अप्रैल को राठ कस्बे के बुधौलियाना मुहाल निवासी दीपक सोनी ने कम्पनी के कर्मियों से मिलकर नकली सोना गिरवी रखा और 11.1 लाख 128 रुपये कम्पनी से लोन लिया। बताया कि इससे पहले 30 मार्च को सालिकराम ने नकली सोना कम्पनी में गिरवी रखकर 2.73 लाख 100 रुपये लोन लिया। और तो और कोतवाली क्षेत्र के धगवां गांव निवासी बृजेश कुमार के नाम पर 30 अप्रैल को 1.44 लाख 136 रुपये व 17 मई को 3.23 लाख 641 का फर्जी लोन भी ले लिया गया। बताते हैं कि इस लोन के बारे में बृजेश कुमार को कोई जानकारी भी नहीं है।
एरिया मैनेजर ने बताया कि दीपक सोनी व सालिकराम ने कम्पनी के कर्मियों की मिलीभगत से 18.42 लाख से ज्यादा रुपये का धोखाधड़ी कर लोन लेकर हड़प लिया है। जबकि इसके एवज में कम्पनी में इन लोगों ने सोना गिरवी रखा था, जो जांच में नकली पाया गया है।
कम्पनी के एरिया मैनेजर सिक्योरिटी जयप्रकाश ने सोमवार को बताया कि आरोपियों ने 778.6 ग्राम सोना कम्पनी में गिरवी रखकर 18.42 लाख से अधिक रुपये का लोन लिया था। सोने की जांच कराई गई तो यह सोना नकली निकला है।
राठ कोतवाली के इंस्पेक्टर तारा सिंह पटेल ने बताया कि आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस गोल्ड लोन कम्पनी के एरिया मैनेजर की तहरीर पर कम्पनी के चार कर्मियों समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि इस मामले की जांच इंस्पेक्टर क्राइम को दी गई है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होंगे।
पंकज
