राज्य डेस्क
चंडीगढ़। हरियाणा और मध्य प्रदेश के दो पहलवानों में प्यार हो गया। महिला पहलवान मध्य प्रदेश के भोपाल की रहने वाली है और नाबालिग होने के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय की है। लड़का हरियाणा के चरखी दादरी का रहने वाला है और हिंदू है। लड़की 16 साल की है और लड़का 27 साल का है। लड़की के घरवालों को इस प्रेम विवाह पर कड़ा एतराज है, जिस कारण दोनों पति-पत्नी भोपाल पुलिस व लड़की के परिवार वालों से डरकर छिपते फिर रहे हैं। नाबालिग लड़की और बालिग लड़के के प्रेम विवाह का यह मामला अब पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट पहुंच गया है, जहां से उन्हें न्याय मिलने की आस जगी है।
भोपाल की 16 साल वर्षीय मुस्लिम लड़की ने चरखी दादरी के हिंदू लड़के से मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी की है। दोनों ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर सुरक्षा की मांग की है। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार से प्रेमी जोड़े की सुरक्षा पर रिपोर्ट मांगी है। पहलवान दंपती ने कोर्ट के समक्ष दलील दी है कि लड़की युवावस्था में पहुंच गई है और उन्होंने मुस्लिम रीति रिवाज से शादी की है। उन्हें लड़की के परिवार द्वारा परेशान नहीं किया जाना चाहिए, जो कि उनके रिश्ते के खिलाफ हैं। हाई कोर्ट में बताया गया कि गैर धर्म में विवाह करने के कारण प्रेमी जोड़े को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। हाई कोर्ट ने भोपाल में लड़की के माता-पिता और भाई को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। हाई कोर्ट के जस्टिस एनएस शेखावत ने यह आदेश भोपाल निवासी नाबालिग लड़की की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए हैं, जो वर्तमान में हरियाणा के चरखी दादरी जिले के निवासी 27 वर्षीय अपने पति के साथ रह रही है।
मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट को बताया गया कि दोनों पति-पत्नी पहलवान हैं और लगभग पांच महीने पहले एक खेल कार्यक्रम में एक-दूसरे से मिले थे, जिसके बाद वे एक-दूसरे को पसंद करने लगे। तब दोनों ने एक दूसरे से शादी करने का फैसला किया। याचिकाकर्ताओं के संबंध के बारे में लड़की के माता-पिता को पता चल गया, जिसके बाद परिवार में इसका विरोध हो गया व लड़की की जबरन किसी अन्य स्थान पर शादी करने की कोशिश की जाने लगी। कोर्ट को बताया गया की याचिकाकर्ता लड़की ने युवावस्था की उम्र प्राप्त कर ली है और 13 नवंबर को उन्होंने मोहाली के नयागांव में एक मस्जिद में अपनी मर्जी से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार शादी की। लड़की के माता-पिता और भाई पर आरोप है कि वह प्रेमी जोड़े को धमका रहे हैं। भोपाल पुलिस भी चरखी दादरी में इनकी तलाश कर रही है। कोर्ट में कहा गया कि अगर वह लड़की के परिवार द्वारा पकड़े जाते हैं, तो युगल को मार दिया जाएगा। कोर्ट को बताया गया कि लड़के के पास चरखी दादरी में शापिंग माल के किराये की अच्छी आय है और वह शादी और जीवन की जिम्मेदारी को पूरा करने में सक्षम है। अपनी याचिका में दंपती ने लड़की के परिवार से जीवन की सुरक्षा और स्वतंत्रता की रक्षा की मांग करते हुए कोर्ट से निर्देश देने की मांग की। दंपती की तरफ से उनके निकाह (विवाह) के संबंध में जारी विवाह प्रमाण पत्र भी कोर्ट में पेश किया गया है। कोर्ट को बताया गया कि जान को खतरा होने के चलते वह छिपकर रहने को मजबूर हैं।
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
