– जिले में चलाए जा रहे जागते रहो अभियान में पुलिस को मिली सफलता
कानपुर देहात (हि.स.)। जनपद में पुलिस ने जागते रहो अभियान चलाया है, जिसमें पहले दिन ही पुलिस को सफलता मिली है। अभियान के तहत भोगनीपुर और मूसानगर थाने में हुई चोरियां का खुलासा पुलिस ने शनिवार को किया है। पुलिस अधीक्षक ने खुलासा करने पर दोनों थाने की टीमों को पुरुस्कार देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने दो थानाक्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि भोगनीपुर पुलिस और उनकी एसओजी टीम ने मिलकर जागते रहो अभियान के तहत देवराहट में रहने वाले अजय उर्फ सज्जन को पटेल चौक से गिरफ्तार किया। अभियुक्त के पास से सोने और चांदी के लाखों के जेवरात और 37 सौ रुपये नकद और एक देशी तमंचा बरामद हुआ। अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह घरों में काम मांगने के जरिये घरों में जाकर रेकी करता है और फिर मौका पाकर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाता है।
अभियुक्त ने अपने एक साथी देवराहट में रहने वाले सत्य सिंह के बारे में भी जानकारी दी है। जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। अभियुक्त को पकड़ने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की है। इस टीम में भोगनीपुर थाना प्रभारी अजय पाल सिंह, एसओजी प्रभारी प्रवीण कुमार यादव समेत अन्य कर्मी मौजूद है।
पुलिस अधीक्षक ने दूसरा खुलासा मूसानगर थाना पुलिस द्वारा चोरी की घटना में पकड़े गए चोरों की जानकारी देकर किया। बताया कि पुलिस ने घाटमपुर में रहने वाले अनुज कुमार कुशवाहा को पकड़ा है। अभियुक्त के द्वारा एक ट्रैक्टर की बैटरी और मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी के माध्यम से अभियुक्त की पहचान कर उसे चपरघटा पुल से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से चोरी किया बैटरा, मोबाइल और एक हजार रुपये के साथ तमंचा बरामद किया गया है। जिले के कप्तान ने इस टीम को 20 हजार रुपये का इनाम दिया है। इस टीम में प्रवीन कुमार यादव, प्रभारी स्पेशल टीम शिवशंकर सिंह, थानाध्यक्ष मूसानगर समेत सर्विलांस टीम मौजूद रही।
अवनीश
