Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदोषियों पर गैंगस्टर, NSA के साथ संपत्ति जब्त करने का आदेश,CM योगी...

दोषियों पर गैंगस्टर, NSA के साथ संपत्ति जब्त करने का आदेश,CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

 मुख्यमंत्री योगी ने आजमगढ़ में ग्राम प्रधान की हत्या और दुर्घटना में एक बच्चे की मृत्यु का संज्ञान लिया है. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना की है. सीएम ने अनुसूचित जाति/जनजाति एक्ट ) के तहत दी जाने वाली सहायता राशि के अलावा मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5-5 लाख रुपए की अतिरिक्त धनराशि पीड़ितों के परिजनों को दिए जाने की घोषणा की है. उन्होंने सम्बन्धित थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने के भी निर्देश दिए हैं.

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अपराधियों के विरुद्ध गैंग्स्टर एक्ट के तहत कार्यवाही कर उनकी सम्पत्ति जब्त करने और एनएसए लगाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, इस तरह की घटना के लिए जिले के अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

तरवां थाना क्षेत्र के बांस गांवके ग्राम प्रधान सत्यमेव जयते उर्फ पप्पू राम शुक्रवार को गांव के बाहर स्थित एक निजी स्कूल के पास से जा रहे थे. इसी दौरान गांव के ही विवेक सिंह और सूर्यांश दुबे, जो उसके दोस्त हैं, उसे दावत के बहाने अपने साथ ट्यूबेल पर ले गए. यहां किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और दोनों ने ग्राम प्रधान को गोली मारकर उनकी हत्या कर दी.

हत्या के बाद बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए इसकी जानकारी खुद ग्राम प्रधान के घरवाले को दी और फरार हो गए. ग्राम प्रधान की हत्या की जानकारी के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए. उन्होने सड़क जामकर प्रदर्शन किया. तोड़फोड़ के साथ कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया.

सूचना के बाद मौके पर पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों के आक्रोश के आगे पुलिस बेबस नजर आई. वहीं, ग्रामीणों ने रासेपुर पुलिस चौकी में भी तोड़फोड़ करने के साथ कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया. सीएम योगी ने संज्ञान में लेते हुए मृतक प्रधान और किशोर को पांच-पांच लाख रुपए का मुआवजा देने का एलान किया है. साथ ही एससी/एसटी के तहत प्रधान के परिजनों को अलग से 8 लाख 25 हजार की मदद देने का निर्देश दिया है. वहीं, दूसरी तरफ सीएम के निर्देश पर दोषियों के खिलाफ एनएसए और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. एसपी ने लापरवाह इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया है.

RELATED ARTICLES

Most Popular