Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदेवीपाटन मंडल में समर्पित हो गए 20 हजार कार्ड, अब थमेगा अभियान

देवीपाटन मंडल में समर्पित हो गए 20 हजार कार्ड, अब थमेगा अभियान

जानकी शरण द्विवेदी

लखनऊ। अपात्रों से राशन कार्ड समर्पित कराए जाने को लेकर इन दिनों प्रदेश भर में हलचल है। विभिन्न जिलों में जिलाधिकारियों ने आदेश जारी कर दिए हैं कि जो अपात्र हैं, वे अपने राशन कार्ड समर्पित कर दें। ऐसा न करने की स्थिति में उनसे वसूली भी हो सकती है। इसका परिणाम यह रहा कि राशन कार्ड सरेंडर करने की होड़ मच गई। केवल देवीपाटन मण्डल के चार जिलों गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में अब तक करीब 20 हजार राशन कार्ड समर्पित किए जा चुके हैं। रविवार को इस मामले में खाद्य आयुक्त सौरभ बाबू ने स्पष्टीकरण जारी किया है। उन्होंने कहा कि यह बात पूरी तरह से आधार हीन है। प्रदेश में राशन कार्ड सरेंडर करने अथवा उनके निरस्तीकरण के संबंध में कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है। राशनकार्ड सत्यापन एक सामान्य प्रक्रिया है जो समय समय पर चलती है। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड सरेंडर करने और पात्रता की नई शर्तों के संबंध में आधारहीन प्रचार हो रहा है। सत्यता यह है कि पात्र गृहस्थी राशनकार्डों की पात्रता या अपात्रता के संबंध में 07 अक्तूबर, 2014 के शासनादेश के मानक निर्धारित किए गए थे जिसमें वर्तमान में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी योजनांतर्गत आवंटित पक्का मकान, विद्युत कनेक्शन, एक मात्र शस्त्र लाइसेंस धारक, मोटर साइकिल स्वामी, मुर्गी पालन या गौ पालन होने के आधार पर किसी भी कार्डधारक को अपात्र घोषित नहीं किया जा सकता है। देवीपाटन मण्डल के खाद्य उपायुक्त सुरेन्द्र यादव ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 तथा प्रचलित शासनादेशों में अपात्र कार्डधारकों से कार्डधारकों से वसूली जैसी कोई व्यवस्था निर्धारित नहीं की गयी है। कार्डों के सत्यापन की एक निश्चित प्रक्रिया है। उसी के अनुरूप सत्यापन कराया जा रहा है। उन्होंने अपील किया है कि हड़बड़ी में कोई भी कार्डधारक अपना राशन कार्ड समर्पित न करे। बताते चलें कि विभाग सदैव पात्र कार्ड धारकों को नियमानुसार उनकी पात्रता के अनुरूप नवीन राशनकार्ड जारी करता है। एक अप्रैल, 2020 से अब तक प्रदेश में कुल 29.53 लाख नए राशनकार्ड विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को जारी किए गए हैं।

खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री ने तलब की रिपोर्ट

इस बीच शासन द्वारा राशन कार्ड सरेंडर कराने और अपात्रों से राशन के बदले वसूली करने का कोई आदेश नहीं किए जाने के स्पष्टीकरण के बाद यह सवाल उठने लगा है कि किसके आदेश पर कई जिलों में डुगडुगी पिटवाकर एलान किया गया था कि राशन कार्ड समर्पित नहीं करने वाले अपात्र कार्ड धारकों से वसूली की जाएगी। कई जिलों में तो राशन कार्ड सरेंडर करने की तारीख भी मुकर्रर की गई थी और कहा गया था कि इस तिथि के बाद वसूली की कार्रवाई शुरू होगी। इतना ही नहीं, कई जिलों में अधिकारियों ने बयान जारी किए कि शासन के निर्देश पर यह किया जा रहा है। इसके बाद तो प्रदेश भर में कार्ड समर्पित करने की होड़ लग गई। प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि जिन जिलों में डुगडुगी बजवाकर वसूली की चेतावनी दी गई है, वहां के अधिकारियों से रिपोर्ट भेजने का कहा गया है। वसूली का तो प्रावधान ही नहीं है, पता नहीं यह कैसे किया गया। हम तो इस योजना से लोगों को जोड़ रहे हैं।

यह है खाद्य एवं रसद आयुक्त का स्पष्टीकरण :

देवीपाटन मंडल में समर्पित हो गए 20 हजार कार्ड, अब थमेगा अभियान

यह भी पढें : ‘सेफ’ किट के इस्तेताल में संतकबीरनगर पुलिस अव्वल

महत्वपूर्ण सूचना

जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। यह दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।

https://www.facebook.com/YOGA-DAY-GONDA-104340082292555

जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
www.hindustandailynews.com

RELATED ARTICLES

Most Popular