जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले के मनकापुर थाना क्षेत्र के एक पूर्व ग्राम प्रधान को एक महिला के साथ की गई मौज मस्ती भारी पड़ सकती है। डीएम ने पीड़ित महिला की शिकायत पर पूर्व ग्राम प्रधान के विरुद्ध दुष्कर्म का अभियोग दर्ज करने तथा महिला के बच्चे का डीएनए टेस्ट कराने का निर्देश दिया है। डीएम मार्कण्डेय शाही ने बताया कि जिले के मनकापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम देवरिया के पूर्व प्रधान राम निवास वर्मा उर्फ ननकू वर्मा के विरुद्ध यौन शोषण किए जाने किए जाने की शिकायत की थी। महिला का आरोप है कि पूर्व प्रधान द्वारा स्थापित अवैध संबंधों से उसे एक बेटा भी पैदा हुआ है। परंतु अब पूर्व प्रधान द्वारा उसे पत्नी के रूप से रखने से इंकार कर दिया गया है। पूर्व प्रधान द्वारा अपनी संपत्ति में कोई हिस्सेदारी नहीं देने की बात भी कही जा रही है। डीएम ने कहा कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक को प्रकरण में तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा बच्चे का डीएनए टेस्ट कराने के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि डीएनए रिपोर्ट में बच्चा पूर्व प्रधान का ही निकलता है, तो उसे नियमानुसार उनकी संपत्ति में भी अधिकार दिलाया जाएगा।
