मेरठ (हि.स.)। दीपावली का त्योहार निकट आते ही बाजारों में नए-नए आइटम आने लगे हैं। लाइटिंग की नई वैरायटी और मिट्टी के दिये के साथ गाय के गोबर से बने सामान भी बाजार में छाए गए हैं। इनमें गोबर से बने दिये और मूर्तियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रही है।
त्योहारों के इस सीजन में बाजारों में रौनक आ गई है। कोरोना महामारी का असर कम होने से बाजारों में ग्राहकों की भीड़ भी उमड़ रही है। दीपावली नजदीक आने से बाजार में इससे संबंधित आइटम सजने लगे हैं। बाजार में चीन में बनी लाइट की झालरें, बल्ब, मूर्तियां आ रही है। इन सबके बीच गाय के गोबर से बने आइटम भी बाजार में आ गए हैं।
गोबर के आइटम के प्रति आकर्षण
लोगों में देशी गाय के गोबर से बने दिये, भगवान गणेश, देवी लक्ष्मी की मूर्तियांें को लेकर आकर्षण है। सैनिक विहार कंकरखेड़ा के विक्रेता विजय मान का कहना है कि गोबर से बने दिये खरीदने को लोग आने लगे हैं। रंग-बिरंगे डिजाइन के इन दियों के प्रति लोग आकर्षित हो रहे हैं। कई लोग तो इनके बारे में पूछताछ करके जा रहे हैं। भगवान की मूर्तियां भी गाय के गोबर से बनी हुई आ रही है। इन्हें भी लोग उत्सुकता से देख रहे हैं।
ऑनलाइन रूप में भी बिक रहे गोबर के आइटम
केवल बाजारों में ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन साइटों के जरिए भी देशी गाय के गोबर से बने दिये और मूर्तियां बिक रही है। इन ऑनलाइन वेबसाइटों पर गोबर के दिये काफी महंगे दामों में बिक रहे हैं। हवन करने के लिए गोबर के कंडे भी ऑनलाइन उपलब्ध है।
मिट्टी के दिये भी बाजार में आए
दीपावली से पहले ही बाजारों में मिट्टी के दिये भी उतर आए हैं। सड़कों के किनारे दिये के स्टाल लगाकर बेचे जा रहे हैं। गढ़ रोड पर दिये बेचने वाले सुंदर ने बताया कि कोरोना महामारी के बाद इस बार अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। पिछले साल कोरोना महामारी के कारण कारोबार ठंडा रहा था। अबकी बार बाजार में ग्राहक आ रहे हैं।
