Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदिवंगत भाजपा विधायक के घर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, दी श्रद्धांजलि

दिवंगत भाजपा विधायक के घर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, दी श्रद्धांजलि

शाहजहांपुर(हि.स.)। दिवंगत भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके पैतृक गांव ढकिया परवेजपुर पहुंचे। उन्होंने मानवेंद्र सिंह के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान दिवंगत भाजपा विधायक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

लीवर की बीमारी से ग्रस्त ददरौल से भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह का पांच जनवरी को दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया था। विधायक के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार दोपहर ढकिया परवेजपुर गांव पहुंचे।

मुख्यमंत्री योगी ने मानवेंद्र सिंह के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए भावपूर्ण नमन किया। इसके बाद दिवंगत विधायक के बड़े बेटे अरविंद सिंह से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक मानवेंद्र सिंह हमारे परिवार के सदस्य थे। उनके निधन से भाजपा परिवार को अपूर्णनीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री को अपने बीच देख परिजन भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें ढांढस बंधाया। करीब 30 मिनट यहां रुकने के बाद मुख्यमंत्री योगी बरेली के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए गांव में अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था रही। जिले के सभी जनप्रतिनिधि और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

दीपक/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular