-मृतकों में पति-पत्नी और रिश्तेदार महिला ,परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी (हि.स.)। जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी पंचकोशी मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। हादसे की सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस टीम ने हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को मय वाहन पकड़ लिया।
बड़ागांव थाना के सालीवाहनपुर गांव निवासी मंजू देवी (40) अपने रिश्तेदार विजय और उनकी पत्नी शांति देवी के साथ मोपेड से भैरव तालाब (राजातालाब) स्थित अपने मायके बीमार परिजन को देखने जा रही थी।
मोपेड चौखंडी स्थित ब्रह्म बाबा मंदिर के समीप पहुंची तो आगे चल रहे ऑटो को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड चला रहे विजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मंजू देवी और शांति देवी रक्तरंजित गंभीर अवस्था में सड़क पर तड़पने लगी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों ने कुछ मिनट के अंतराल में दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी पर मृतकोें के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में अस्पताल में पहुंच गये। परिजनों के अनुसार मृतक विजय कुमार की दो बेटियां और दो बेटे हैं। मंजू देवी को तीन साल का एक बेटा है। मंजू का पति रामधार ट्रक पर खलासी का काम करता है।
श्रीधर
