बागपत (हि.स.)। बागपत जिले के छपरौली कस्बे में रात्रि के समय तमंचे के बल पर बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी को लूट लिया। तीन बदमाश दुकान में तमंचा लेकर धुसे थे। दुकानदार से 25 हजार रूपये व उनके दो मोबाईल लेकर लुटेरे फरार हो गये। धटना सीसीटीवी में कैद हो गयी है । पुलिस लुटेरों की तलाश में लगी है।
कपड़ा व्यापारी आशीष जैन पुत्र रमेश चंद्र जैन की छपरौली में दुकान है। बताया कि चादर लेने के बहाने तीन बदमाश उसकी दुकान में घुसे थे। मना करने पर जबरदस्ती चादर देने के लिए बोले तभी एक बदमाश ने दुकान का शटर गिरा दिया और तमंचा दिखाकर हाथापाई करने लगे। बदमाशों के हाथों में तमंचा देख दुकानदार घबरा गए और बदमाशों से अपनी जान की गुहार लगाने लगे। दुकान में रखे लगभग 25 हजार रुपए बदमाशों ने लूट लिए और दुकानदार के दो मोबाइल भी बदमाश लूट कर चले गए।
छपरौली में एक हफ्ते के भीतर बदमाशों ने तीन लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। 25 सितंबर को शबगा गांव के किसान रामशरण पिता गिरवर से बाइक सवार बदमाशों ने गांव के पास मारपीट कर 12500 रूपये लूट लिए थे और 27 सितंबर को एक स्कूल की बस चालक के साथ कस्बे के पास ही बदमाशों ने बस रोककर नगदी व मोबाइल लूट लिया था। एक हफ्ते के भीतर तीन बार लूट की घटना होना कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है।
लूट की वजह से व्यापारियों में रोष हैए सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर अनिश्चितकालीन बाजार बंद रखने का ऐलान किया है और चेतावनी दी है कि पुलिस जल्द से जल्द लूट का खुलासा करे। पुलिस ने घटना का जल्द खुलासा नहीं किया तो सभी व्यापारी धरने पर बैठ जाएंगे।
सचिन त्यागी
