Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशतदर्थ शिक्षकों की समस्याओं पर जल्द होगा विधि सम्मत निर्णय : डॉ....

तदर्थ शिक्षकों की समस्याओं पर जल्द होगा विधि सम्मत निर्णय : डॉ. दिनेश शर्मा

सीतापुर(हि.स.)। नैमिषारण्य पवित्र स्थल है। 88 हजार ऋषियों ने यहां तपस्या की है, देवी देवताओ का यहां वास है, जहां साक्षात देवता रहते हों उस पवित्र भूमि पर अच्छी मंशा से किए गए समस्त कार्य पूर्ण होते हैं।

यह बात प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने लालबाग पार्क में आयोजित मानस मेला के समापन समारोह में आयोजित प्रादेशिक संस्कृत सम्मेलन में कही।

श्री शर्मा ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि समय का बदलाव हुआ है, पहले गांव की सभ्यता शहरों की तरफ जाती थी, बदलते संस्कारों पर पश्चिमी सभ्यता अब शहरों में भी हावी है। मनुष्य को मनुष्य नहीं बल्कि जातियों के रूप में बांट दिया गया। भारत की संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक है कि जाति व्यवस्था से ऊपर उठकर कार्य किया जाए। श्री शर्मा ने कहा राम ने सभी को जोड़ा इसलिए मर्यादा पुरषोत्तम कहे गए।

सम्मेलन में मौजूद महिलाओं से मुखातिब होते हुए श्री शर्मा ने कहा कि बच्चों के सृजन से लेकर लालन पोषण की जिम्मेदारी माताओं पर होती है। इसलिए जरूरी है कि माताएं अपने बच्चों को संस्कार युक्त शिक्षा दें। पहले सम्मिलित परिवार में परम्पराओं का पालन होता था,आज इसकी कमी देखी जा रही है। उन्होंने कहा भारत की संस्कृति, दर्शन और पाश्चात्य संस्कृति प्रदर्शन है। परंपराओं के पीछे भाव छुपे रहते थे, वह भाव आज खत्म हो रहे है। आधुनिकता के कारण सोच में परिवर्तन हुआ है। आज संस्कारों से युक्त शिक्षा की जरूरत है।

गिनाईं उपलब्धियां

श्री शर्मा ने सम्मेलन में सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि संस्कृत के उत्थान के लिए कई कदम उठाएं गए है। सरकार ने संस्कृत निदेशालय का गठन किया है। संस्कृत पढ़ने वाले लोगों को लिए छात्रावास बनाने की भी योजना पर काम शुरू हो गया है। अनुदानित संस्कृत विद्यालयों के जीर्णोद्धार की योजना लागू की जा रही है। इन विद्यालयों की मरम्मत कराने का कार्य जिला स्तर पर पूरा होगा।

कहा कि संस्कृत के अध्यापकों की जीविका सुरक्षित रहे, सरकार इसकी भी चिंता कर रही है। संस्कृत के प्रचार-प्रसार पर जोड़ देते हुए श्री शर्मा ने कहा कि हाय-हैलो की संस्कृति को अलविदा करने की जरूरत है। संस्कृत की शिक्षा को व्यवहारिक शिक्षा बनाने की ओर बढ़ रहे है। आज संस्कृत के अध्यापकों को सरकार सम्मान दे रही है। जहां शिक्षक नहीं थे वहां के सेवानिवृत संस्कृत शिक्षकों को विभाग के द्वारा भर्ती किया गया। श्री शर्मा ने मंच से शीघ्र ही तदर्थ शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण की बात कही। उन्होंने कहा सरकार इसको लेकर गंभीर है।

देश के कल्याण के लिए यज्ञ जरूरी

उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सम्मेलन में आए लोगों का आवाहन करते हुए कहा कि हमारा धर्म, हमारी संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है।उन्होंने आवाहन किया कि जिस प्रकार देश व समाज के कल्याण के लिए धार्मिक यज्ञ बहुत आवश्यक है, ठीक उसी प्रकार चुनावी यज्ञ में शत प्रतिशत मतदान भी बहुत जरूरी है।

इस अवसर पर देवेन्द्रानंद सरस्वती, शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी, विधायक ज्ञान तिवारी, रामकृष्ण भार्गव, शशांक त्रिवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा, प्रशान्त शुक्ला, विशंभर तिवारी, कमलेश पांडेय, भानु चतुर्वेदी, नैमिष रत्न तिवारी आदि मौजूद रहे।

किसानों के साथ खड़ी है मोदी-योगी सरकार

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मीडिया से बातचीत में कहा आज विपक्ष हताश-निराश है। आने वाले चुनाव में विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा का मुद्दा विकास है। जबकि विपक्ष केवल परिवारवाद, क्षेत्र व संप्रदायवाद, जातिवाद के आधार पर चुनाव को बदलने की कल्पना कर रहा है। अब बदला हुआ उत्तर प्रदेश है। मोदी व योगी का अच्छा समन्वय है।

श्री शर्मा ने कहा कि 2017 में बेरोजगारी दर 17.4 थी जबकि आज 4.1 रह गई है। 22 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का उत्तर प्रदेश बन चुका है, मोदी और योगी का महत्वपूर्ण योगदान है।

किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार काम और तेज करेगी

उपमुख्यमंत्री ने कृषि कानून वापस लिए जाने के सवाल पर कहा कि सरकार ने कृषि कानून वापस लिए हैं, लेकिन किसानों के हित में सरकार की नीयत और नीति को वापस नहीं लिया है। भाजपा की नियत साफ है। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार काम और तेज करेगी। किसानों को शोषण से मुक्त रखा जाएगा, उनके हितों पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। किसान को खाद, बिजली,पानी, आवास व सम्मान निधि का लाभ समय से मिल रहा है।

सपा के जुमलो का प्रदेश में कोई स्थान नहीं

श्री शर्मा ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है, उन्होंने कहा हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। सपा के जुमलो का प्रदेश में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा बीजेपी का मुकाबला किसी से नहीं है। इस अवसर पर बिसवां विधायक, महेंद्र यादव, हरगांव विधायक सुरेश राही, भाजपा जिला अध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular