-पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा, स्वामी राम भद्राचार्य देवतुल्य
प्रयागराज (हि.स.)। जनपद के मेजारोड स्थित डीजीएस गेस्ट हाउस में 4 अक्टूबर से तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य की चल रही प्रभु श्रीराम कथा सुनने के लिए प्रदेश के चर्चित चेहरों की भीड़ लगी है। प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, महापौर अभिलाषा गुप्ता, पूर्व मंत्री उज्ज्वल रमण सिंह, शासकीय अपर महाधिवक्ता महेश चतुर्वेदी, गुजरात के संत बाबा रामदास सहित मंच पर विभिन्न लोगों ने पहुंचकर तुलसी पीठाधीश्वर का आशीर्वाद लिया।
शनिवार को पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने स्वामी जी को परिचय बताते हुए उन्हें वर्तमान युग का ईश्वरीय अंश बताया। उन्होंने कहा कि विलक्षण प्रतिभा सम्पन्न संत जहां खड़े हो जांय वहां बसंत की अनुभूति होती है। इनके चरण से मेजा की धरती धन्य हो गयी।
कथा मंच से स्वामीजी ने युवाओं की दिनचर्या पर चर्चा की। उन्होंने कहा, सुबह उठने से लेकर उनकी पूरी दिनचर्या में आलस्य नही उल्लास होना चाहिए। स्वामीजी ने कहा कि मैं युवाओं का आलस्य भगाने आया हूं। उनका उन्माद भगाकर सार्थक सोच जगाने आया हूं। मेरे प्रयास से यदि युवा जग जाएंगे तो हमारी कथा की यह सार्थकता होगी।
कथा मंच पर शनिवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुन्नन शुक्ल उनकी पत्नी संगीता शुक्ला और समाजसेवी जय शंकर शुक्ल ने यजमान के रूप में संकल्प लिया। रामचन्द्र शुक्ल ट्रस्ट के निदेशक जय शुक्ल ने कहा कि संत समाज के प्रयास से ही सनातन संस्कृति और संस्कार जिंदा है। उन्होंने महाराज को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता गौरी शंकर चतुर्वेदी, देवेन्द्र मिश्र नगरहा, जय कांत तिवारी, शिवदत्त पटेल, जय शंकर पांडेय, रिंकू ओझा, भोला गौतम, अभय तिवारी, रवि तिवारी, राजू पांडेय, विकास तिवारी विक्की, डॉ अमरेश तिवारी, तनय पांडेय, सुरेश चन्द शुक्ल सहित कथा प्रेमियों की भारी भीड़ रही।
विद्या कान्त
