जौनपुर (हि.स.)। जफराबाद थाना क्षेत्र के उत्तरगावां गांव में पिता ने 30 वर्षीय पुत्र की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को फरार हत्यारोपित को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली।
जफराबाद थानाक्षेत्र के उत्तरगावां गांव निवासी 30 वर्षीय राजमन अपने तीन भाई, दो बहनों में सबसे बड़ा था। दिल्ली में रहकर परिवार का घर का खर्च चलाता था। बीती 04 जून को वह अपने परिवार के साथ छोटी बहन रेशम की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से घर आया था। 15 जून को वापस दिल्ली जाना था।
शनिवार की रात खाना-पीना खाने के बाद परिवार के लोग सो रहे थे। रात पौने दो बजे के दरमियान इन्द्रजीत कुल्हाड़ी लेकर आया और बेटे राजमन दो-तीन वार में आधा से ज्यादा गर्दन धड़ से अलग कर दिया। पति की हत्या उसके ससुर द्वारा की गयी, जिसकी चश्मदीद गवाह राजमन की पत्नी निक्कू, देवर अजय कुमार व गुलशन थे। भाई की हत्या कर भाग रहे पिता को पकड़ने के लिए अन्य भाई दौड़े तब तक इंद्रजीत वहां से भाग चुका था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्यारे पिता की तलाश में लग गई और रविवार सुबह गांव के बाहर से उसे गिरफ्तार कर लिया। इधर पति की मौत के बाद पत्नी निक्कू और उसके दो बच्चे अंश (06), वंश (03) का रो-रोकर हाल बेहाल है।
अपर पुलिस अधीक्षक शहर डॉक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई ने थाने पर पहुंचकर अपने पिता के खिलाफ तहरीर दिया कि पिता का भाई से किसी बात का लेकर विवाद हो गया था। इस पर पिता ने कुल्हाड़ी से मारकर उसके भाई की हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई।
विश्व प्रकाश
