Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजीआरपी ने बिहार जा रही 77 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ दो...

जीआरपी ने बिहार जा रही 77 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

– अभियुक्तों को पूर्वा एक्सप्रेस से चेकिंग के दौरान पकड़ने में मिली सफलता

– होली पर्व पर बिहार में महंगे दामों में खपाने की बनाई थी योजना

कानपुर(हि.स.)। बिहार में शराब बंदी के चलते अवैध रुप से शराब तस्करी बंद होने का नाम नहीं ले रही है। होली के त्योहार पर अवैध रूप से अधिक दामों पर बेचने के लिए ट्रेन से ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब के साथ जीआरपी ने दो अभियुक्तों को पकड़ा है। दोनों को चेकिंग के दौरान कानपुर सेंट्रल पहुंची पूर्वा एक्सप्रेस से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।

कानपुर सेन्ट्रल के जीआरपी थाना प्रभारी रामकृष्ण द्विवेदी ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर ट्रेन से बिहार जा रही शराब मामले का खुलासा किया। बताया कि होली के त्योहार को देखते हुए सभी ट्रेनों में चेकिंग अभियान के साथ संदिग्ध लोगों की तलाशी भी ली जा रही है। अभियान के क्रम में बुधवार की रात 11:45 बजे दिल्ली से चलकर कानपुर सेन्ट्रल के प्लेटफार्म पांच पर आई पूर्वा एक्सप्रेस ट्रेन की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान कोच संख्या सात से संदिग्ध परिस्थितियों में दो अभियुक्त नितीश कुमार पुत्र राम करन पासवान व प्रदीप कुमार पासवान पुत्र राजकुमार निवासीगण मोडा तालाब थाना रघुई जिला नालंदा बिहार से गैर प्रान्त हरियाणा की 77 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

जीआरपी प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि होली के त्योहार पर अधिक दामों पर बेचने के लालच में यह शराब वह तस्करी कर ट्रेन से ले जा रहे थे। अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली टीम में जीआरपी उपनिरीक्षक अब्बास हैदर, आरपीएफ उपनिरीक्षक अमित कुमार द्विवेदी, आरपीएफ सहायक उपनिरीक्षक मो. अहमद, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, सुधीर कुमार, अतुल कुमार, आसिफ, कांस्टेबल अनूप प्रजापति व आरपीएफ कांस्टेबल महेश कुमार यादव रहे।

हिमांशु

RELATED ARTICLES

Most Popular