Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजल्द ही दो गांवों के बीच होगी एक सहकारी समिति की स्थापना...

जल्द ही दो गांवों के बीच होगी एक सहकारी समिति की स्थापना : सहकारिता राज्यमंत्री

झांसी (हि.स.)। केन्द्र में नवगठित सहकारिता मंत्रालय के प्रथम सहकारिता राज्यमंत्री बीएल वर्मा दो दिवसीय प्रवास पर जनपद आये। जनपद भ्रमण के बाद सोमवार को सर्किट हाऊस में सहकारिता विभाग के समस्त जनपदीय एवं मण्डलीय अधिकारियों के साथ राज्यमंत्री ने विभागीय समीक्षा बैठक की। और समस्त विभागीय कार्यकलापों की विस्तृत समीक्षा करते हुये सहकारिता विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किये।

राज्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र में सहकारिता मंत्रालय के गठन के उपरान्त सहकारिता के विकास के लिए जमीनी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जहां पहले छह से आठ गांवों के बीच एक सहकारी समिति हुआ करती थी, वही अब मंत्रालय द्वारा प्रत्येक दो गांव के बीच में एक सहकारी समिति की स्थापना करने की कार्ययोजना पर कार्य चल रहा है। बहुत जल्द ही प्रत्येक दो गांव पर एक सहकारी समिति का गठन कर दिया जायेगा, ताकि कास्तकारों को आसानी से सहकारी समितियों से प्रदान सेवाओं का लाभ प्राप्त कराया जा सकें।

उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां न्यूनतम समर्थन मूल्य योजनान्तर्गत गेहूं, धान तथा अन्य कृषि उत्पादों की खरीद में अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पूर्व की सरकारों में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजनान्तर्गत दलालों, बिचैलियों तथा मध्यस्थों की भूमिका के कारण वास्तविक कास्तकारों को न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का लाभ प्राप्त नहीं हो पाता था। लेकिन वर्तमान सरकार ने दलालों, बिचौलियों व मध्यस्थों को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है। सरकार द्वारा नीम कोटेड यूरिया का इस्तेमाल प्रारम्भ किया गया है। नीम कोटेड यूरिया के इस्तेमाल से कृषक कम लागत पर ही बेहतर फसल उपजाने में सक्षम हो गये हैैं, जिससे एक तरफ जहां कृषि लागत में कमी आयी हैं।वहीं, दूसरी तरफ भूमि की उर्वरा शक्ति में भी वृद्धि हुयी है। ग्रामीण क्षेत्र के कास्तकारों को उनके दरवाजों पर ही बैकिंग सुविधा प्रदान किये जाने के उददेश्य से सभी सहकारी समितियों को माइक्रो एटीएम मशीन दी गयी है जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के कास्तकार सहकारी समितियों में ही अपना खाता खोल सकेगे। नगद धन की निकासी कर सकेंगे, अपना धन जमा कर सकेंगे तथा दूसरे खातों में धनराशि भेज सकेंगे, झांसी मण्डल में माइक्रो एटीएम की योजना काफी सफल रही है। विगत एक माह के अन्दर ही जालौन तथा झांसी जनपदों में लगभग 20 से 25 लाख रुपये का लेनदेन माइक्रो एटीएम के माध्यम से किया गया है। इसके अतिरिक्त जालौन तथा झांसी जनपद में लगभग 200 कास्तकारों ने अपने नये बैंक खाते सहकारी समितियों से संचालित माइक्रो एटीएम मशीन से खोले है।

उपायुक्त एवं उप निबन्धक सहकारिता झांसी मण्डल, झांसी उदय भानु सिंह द्वारा राज्यमंत्री से मांग की गई कि सहकारी समितियों में अधिक से अधिक राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत ग्रामीण गोदामों का निर्माण कराया जायें ताकि ग्रामीण क्षेत्र के कास्तकारों को अपनी कृषि उपज के विक्रय एवं उर्वरक प्राप्त करने में कोई समस्या सामने न आये।

RELATED ARTICLES

Most Popular