Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजलजमाव झेल रहा बलिया का पुलिस अधीक्षक कार्यालय

जलजमाव झेल रहा बलिया का पुलिस अधीक्षक कार्यालय

बलिया (हि. स.)। जिले के पुलिस अधीक्षक का कार्यालय जलजमाव का दंश झेल रहा है। आलम यह है कि अधिकारी, कर्मचारी व फरियादी घुटने भर पानी से गुजर कर ही अंदर जा पा रहे हैं।
इस बार मानसून की शुरूआत से ही शहर का अधिकांश हिस्सा भारी जलजमाव की समस्या से ग्रस्त हो गया था। सबसे अधिक परेशानी पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में है। अधिकारियों के लाख जतन के बाद भी जलजमाव की समस्या महीनों से जस की तस बनी हुई है। बरसात होने के साथ ही पाइप के सहारे पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में जमा पानी निकाला जाने लगा था। कुछ दिनों तक बारिश रुकती है तो समस्या कुछ कम हो जाती है। लेकिन जैसे ही बारिश होती है, पानी फिर जमा हो जाता है। बीते कई दिनों से हो रही बरसात का असर फिर से दिखने लगा है।
गुरूवार को परिसर में घुटने भर पानी जमा हो गया। जिसमें से होकर ही लोगों को गुजरना पड़ रहा है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की बड़ी पेशी में तैनात स्वामीनाथ तिवारी पैंट को घुटने तक मोड़ कर नंगे पैर पानी में जा रहे थे। पूछने पर बताया कि यह समस्या हमलोग काफी दिनों से झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोज-रोज पानी की निकासी होती है। बरसात होते ही पानी जमा हो जाता है। यही हाल फरियादियों का भी है। अंदर किसी अधिकारी से मिलने जाना है तो बरसाती पानी में हेलकर ही जाना पड़ रहा है। चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने आये युवा भी पानी में जाते दिखे। हालांकि, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने शहर के मुख्य कटहल नाले की सफाई को लेकर पहल की है। जिसके बाद इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular