कानपुर (हि.स.)। छठ पूजा को लेकर शहर में वाहनों के आवागमन का दबाव यातायात विभाग पर बढ़ गया है। स्थिति नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने शहर की यातायात परिवर्तन करते हुए थानों की फोर्स के साथ व्यवस्था को दुरूस्त रखने की खाका खींचा है।
कानपुर शहर में छठ पूजा के मौके पर वाहनों के आवागमन में परिवर्तन किया है। श्रद्धालुओं को यातायात की समस्याओं से निजात दिलाने के लिए यातायात विभाग ने पहले से तैयारी कर ली है। यातायात विभाग ने छठ पूजा के लिए घरों से समय से निकलने की अपील की है। वहीं रविवार दोपहर तीन बजे से सोमवार भोर तक के लिए यह यातायात का परिवर्तन किया गया है।
डीसीपी यातायात के मुताबिक, सरसैया घाट चौराहा से वाहन सरसैया घाट की तरफ पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। इसी तरह पांडु नगर चौराहे से शास्त्री नगर की ओर कोई भी बड़ा वाहन नहीं जाएगा। सीटीआई तिराहा से रतनलाल नगर की ओर भी कोई वाहन नहीं जाऐंगे। इन मार्गों पर जाने वाले सभी वाहन दादा नगर से बाईपास होकर निकलेंगे।
विजय नगर चौराहे से पनकी नहर की ओर कोई वाहन नो इंट्री प्वाइंट से आगे नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन दादानगर पुल से होते हुए निकलेंगे। कल्याणपुर जीटी रोड क्रॉसिंग की तरफ से भारी एवं बड़े वाहनों पर भाटिया तिराहा की ओर प्रतिबंधित किए गये हैं। इस मार्ग पर जाने वाले सभी प्रकार के वाहन जीटी रोड रावतपुर होते हुए अपने गन्तव्य के लिए रवाना होगें। न्यू ट्रांसपोर्ट की तरफ से विजय नगर की ओर आने वाले सभी वाहन पनकी पड़ाव से होते हुए बाईपास की ओर घूमकर जाऐंगे। गंगा बैराज चौराहा से कर्बला चौराहा की तरफ जाने वाले वाहनों पर पूरी तरह से प्रतिबन्ध रहेगा। यह वाहन सिंहपुर होते हुए निकलेंगे। कर्बला चौराहा से कोई भी वाहन गंगा बैराज की तरफ नहीं जाएंगे।
राम बहादुर
