प्रयागराज (हि.स.)। इलाहाबाद हाई कोर्ट के अधिवक्ताओं की न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय फिलहाल स्थगित हो गया है। सोमवार से हाईकोर्ट में अधिवक्ता पहले की तरह काम करेंगे। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने यह निर्णय मुख्य न्यायमूर्ति के आश्वासन पर रविवार को लिया।
इसके पूर्व अधिवक्ताओं ने बुधवार से ही न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया था। तबसे अधिवक्ता लगातार हड़ताल पर रहे और वे न्यायिक काम काज नहीं कर रहे थे। उनकी मांग है कि हाईकोर्ट प्रशासन नए मुकदमों की सुनवाई की व्यवस्था और लिस्टिंग की व्यवस्था सहित वादों से सम्बंधित मामलों में व्यवस्था में सुधार लाए। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से इस सम्बंध में कई बार मुख्य न्यायमूर्ति को ज्ञापन भी सौंपा गया। समस्या का हल न होने पर अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया था। रविवार को हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने इस सम्बंध में एक बैठक भी बुलाई। जिसमें चीफ जस्टिस के आश्वासन पर न्यायिक कार्य से विरत रहने के निर्णय को वापस लेने का मुख्य न्यायाधीश के आग्रह करने और व्यवस्था में सुधार का आश्वासन देने के मामले पर चर्चा हुई।
इसके बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने 15 दिनों के लिए अपने न्यायिक कार्य से विरत रहने के निर्णय को स्थगित कर दिया। महासचिव सत्य धीर सिंह जादौन ने कहा कि सोमवार से न्यायिक कार्य किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/आर.एन
