विनय
मुंबई (हि.स.)। बेहद विषम परिस्थितियों के बीच भारतीय नौसेना के जवानों ने अरब सागर में फंसे से दो जहाजों से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। रातभर चले राहत और बचाव कार्य में बार्ज पी-305 से 146 कर्मचारियों को सकुशल बाहर निकाला गया। रेस्क्यू ऑपरेशन आज दिन में भी जारी रहेगा। अरब सागर में उठे ताउते तूफान में कल मुंबई के समुद्र में दो जहाज बह गए थे। नेवी से मिली जानकारी के अनुसार दोनों जहाजों के लापता होने की जानकारी मिलते ही जंगी जहाज आईएनएस कोच्ची और आईएनएस कोलकाता को मदद के लिए रवाना कर दिया गया। दोनों जहाजों की लोकेशन का पता लगा लिया गया।
समुद्र में तेज हलचल के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आई। लेकिन विषम परिस्थितियों में भी नेवी के जवानों ने बहादुरी के साथ कर्मियों का बचाव कार्य शुरू कर दिया। ‘पी-305’ और ‘गैल कंस्ट्रक्टर’ नामक दोनों बार्ज ऐंकर नहीं डाले जाने के कारण तूफान के तेज प्रवाह में बह गए। इन जहाजों का दूसरी जहाजों से टकराने का भी खतरा बना हुआ था।
इन जहाजों में इंजीनियर और श्रमिक सवार थे। ‘गैल कंस्ट्रक्टर’ में 137 और ‘पी-305’ में 273 लोग सवार थे। गैल कंस्ट्रक्टर को मुंबई के 15 किलोमीटर के अंतराल पर पाया गया जबकि पी-305 समुद्र में 70 किलोमीटर की दूरी पर पाया गया। गैल कंस्ट्रक्टर की स्थिति ठीक है। गैल कंस्ट्रक्टर की सहायता के लिए नेवी के युद्धपोत ‘वाटर लिली’, दो सहायक पोत और सीजीएस सम्राट आसपास के क्षेत्र में हैं। पी-305 की स्थिति विकट थी।
चक्रवाती तूफानः अरब सागर में फंसे 146 लोगों की बचाई जान, भारतीय नौसेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
RELATED ARTICLES
