लखनऊ (हि.स.)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की गौशाला में गोवंश की मौत पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज कहा कि यूपी की गौशालाओं में प्राधिकरण जैसे वीभत्स दृश्य अब आम हो गये हैं, जो हमें झकझोरते है। इसकी तुलना कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सरकार की गोधन न्याय योजना से करिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में गौठान आधारित स्वयं सहायता समूहों का निर्माण हुआ। धीरे-धीरे ये समूह आत्मनिर्भर हो रहे हैं। गोबर खरीद योजना से ग्रामीणों की आय बढ़ी और आवारा पशु समस्या का निदान हुआ। लेकिन यूपी में ‘प्रचार ही शासन’ को मंत्र बनाकर सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पंचायत में गौठान की स्थापना, गौठान में दो रुपये किलो में गोबर खरीद, इससे जैविक खाद, दियों का निर्माण, खाद की 10 रुपये किलो में सरकारी खरीद हो रही है।
शुक्रवार को ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा सरकार के अत्याचार, अन्याय के खिलाफ देश का अन्नदाता मुठ्ठी तान महीनों से खड़ा है। पूंजीपतियों के लिए समर्पित सरकार के सामने गांधी के रास्ते चलकर किसान अपनी पीढ़ी की लड़ाई लड़ रहा है।
