गौवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप

हापुड़(एजेंसी)। जनपद के थाना हाफिजपुर के ग्राम बड़ौदा सिहानी में शनिवार को गौवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामवासियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गौवंश के अवशेषों को कब्जे में ले लिया। जिलाधिकारी ने धौलाना के उप जिलाधिकारी को मामले की मजिस्ट्रियल जांच करने के आदेश दिए हैं। थाना हाफिजपुर के ग्राम बड़ौदा सिहानी के जंगल में शनिवार को गौवंश के अवशेष पाए गए। ग्रामवासियों में गौवंश के अवशेष मिलने के बाद आक्रोश पैदा हो गया। उन्होंने तत्काल पुलिस को ग्राम में गौवंश के अवशेष पड़े होने की सूचना पुलिस चौकी पर दी। घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी विशाल यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी डा. तेजवीर सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता़ तथा हापुड़ के पशु चिकित्सा अधिकारी मोहम्मद कासिम ग्राम बडौदा सिहानी पहुंचे। जांच में उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं पशु चिकित्सा अधिकारी ने बरामद पशु अवशेष का परीक्षण कर बताया कि अवशेष तीन गोवंशीय पशुओ के हैं और तीन से 15 दिवस पुराने प्रतीत हो रहे हैं।घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना हाफिजपुर पुलिस ने गौवध अधिनियम के अन्र्तगत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। वर्तमान में मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। जिलाधिकारी ने गांव में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात कराते हुए उप जिलाधिकारी धौलाना एवं क्षेत्र अधिकारी पिलखुवा को शांति व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए हैं। घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने धौलाना के उप जिलाधिकारी को जांच अधिकारी नामित करते हुए मजिस्ट्रियल जांच करने के आदेश दिए हैं। 

error: Content is protected !!