Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर विश्वविद्यालय में 16 अगस्त से काउंसिलिंग, बीए-बीएससी और बीकाम की होगी

गोरखपुर विश्वविद्यालय में 16 अगस्त से काउंसिलिंग, बीए-बीएससी और बीकाम की होगी

गोरखपुर (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन ने काउंसिलिंग कार्यक्रम घोषित कर दिया है। 16 अगस्त से शुरू होने वाली काउंसिलग में बीए, बीएससी व बीकाम में प्रवेश के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।

काउंसिलिंग लेटर विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://ddugu.ac.in से अपलोड किया जा सकता है। विश्वविद्यालय ने काउंसिलिंग लेटर को ई-मेल के माध्यम से भी अभ्यर्थियों भेजने की भी व्यवस्था की है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश के लिए होने वाली काउंसिलिंग सुबह 10 बजे शुरू हो जाएगी। यह शाम के पांच बजे तक चलेगी।

विश्वविद्यालय के निर्णय के मुताबिक प्रत्येक सीट के लिए दो अभ्यर्थियों को नामांकन काउंसिलिंग के लिए बुलाया जाएगा। यदि इनमें कोई दिक्कत होती है यानी प्रवेश से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए अभ्यर्थी अपनी शिकायत ddugucounselling2022@gmail.com पर दर्ज करा सकेंगे।

यहां होगी काउंसिलिंग

बीएससी गणित, बाॅयो और गृह विज्ञान के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग दीक्षा भवन के प्रथम तल पर होगी। इसके समन्वयक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. अजय सिंह और सह समन्वयक प्रो. दिनेश कुमार यादव होंगे। दीक्षा भवन के भूतल पर बीकाम की काउंसिलिंग होगी। इसके समन्वयक वाणिज्य विभाग के संकायाध्यक्ष प्रो. आनंदसेन गुप्ता और सह समन्वयक प्रो. अनिल कुमार यादव होंगे। बीए में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग संवाद भवन में होगी। कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. कीर्ति पांडेय और सह समन्वयक प्रो. हिमांशु चतुर्वेदी को इसका समन्वयक बनाया गया है। प्रवेश काउंसिलिंग सेल में स्नातक के प्रवेश समन्वयक प्रो. विनय कुमार सिंह और परास्नातक के प्रो. उदय सिंह होंगे।

इन बातों का रखें खयाल

– प्रवेश प्रक्रिया के दौरान कोविड-19 प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन किया जाएगा।

– आरक्षण के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित दस्तावेज लाने होंगे।

– माइग्रेशन, टीसी और चरित्र प्रमाण पत्र के साथ सभी शैक्षणिक दस्तावेज के प्रमाणपत्र और उनकी सेल्फ अटेस्टेड फोटो कापी लाना अनिवार्य होगा।

आमोद

RELATED ARTICLES

Most Popular