देवरिया (हि.स.)। भलुअनी थाना क्षेत्र में बाइक से घर जा रहे व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या का एक मामला सामने आया है। उसे बचाने गए एक अन्य व्यक्ति को भी हमलावरों ने घायल कर दिया।
भलुअनी थाना क्षेत्र के बरौली गांव के रहने वाले रमेश उर्फ मुन्ना मल्ल (55) पुत्र स्वर्गीय भगवान मल्ल के भतीजे अजीत मल्ल के शहर के साकेत नगर मोहल्ले में बने मकान का गृह प्रवेश था । उसमें शामिल होने के लिए रमेश उर्फ मुन्ना मल्ल गांव के ही अवधेश विश्वकर्मा( 45) पुत्र रामवृक्ष के साथ आया था। दोनों बाइक से गांव के लिए निकले। बाइक अवधेश विश्वकर्मा चला रहा था। वह भलुअनी थाना क्षेत्र के पिपरा पुरन गांव के समीप पहुंचा ही था कि चारपहिया गाड़ी पर सवार लोगों ने ओवरटेक कर रोक लिया। इसी बीच गाड़ी से उतरे लोगों ने रमेश उर्फ मुन्ना लाल पर हमला कर दिया। यह देख अवधेश विश्वकर्मा बचाने गया तो हमलावरों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया।
हमलावरों की पिटाई से रमेश मल्ल घायल हो गया। घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने रमेश मल्ल को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में सीओ बरहट देव आनंद ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
