Sunday, March 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगृहमंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे बाबा दरबार, कर रहे दर्शन...

गृहमंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे बाबा दरबार, कर रहे दर्शन पूजन

वाराणसी (हि.स.)। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार शाम वाराणसी पहुंचे। मिर्जापुर जनपद के विन्ध्यवासिनी धाम में दर्शन पूजन के बाद विंध्य कॉरिडोर के लिए भूमि पूजन, जीआईसी मैदान में रोप-वे का लोकार्पण और जनसभा को सम्बोधित करने के बाद गृहमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में उतरा।

यहां से गृहमंत्री और मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच वाहनों के काफिले में श्री काशी विश्वनाथ दरबार में पहुंचे। गृहमंत्री बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट विश्वनाथ कॉरिडोर का निरीक्षण भी करेंगे।

इसके पहले गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन को देख संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर तक सुरक्षा का व्यापक प्रबंध रहा। अफसर फोर्स के साथ दोपहर बाद से ही व्यवस्था में जुटे रहे। बाबतपुर से लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक की सड़कों को भी दुरुस्त कराया गया। गृहमंत्री के आने पर शहर में भी सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम रहा। पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश फोर्स के साथ खुद व्यवस्था की कमान अपने हाथ में लिए रहे। वीवीआईपी आगमन पर मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा और बाबतपुर एयरपोर्ट स्थित एक निजी अस्पताल में सेफ हाउस बनाया गया। यहां चिकित्सकों की तैनाती भी कर दी गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular