वाराणसी (हि.स.)। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार शाम बारिश के बीच वाराणसी पहुंचे। जनपद भदोही के ज्ञानपुर स्थित विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में होने वाली जनसभा भारी बारिश के चलते कैंसिल होने पर केन्द्रीय मंत्री अमित शाह बाबतपुर एयरपोर्ट से वाराणसी शहर के लिए निकल पड़े। शहर में आने के बाद गृहमंत्री ने श्री संकट मोचन मंदिर में दर्शन-पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद गृहमंत्री काशी विश्वनाथ के दरबार में जायेंगे। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक करेंगे। नगवां कोठी में रात्रि विश्राम के बाद गृहमंत्री बुधवार 29 दिसंबर की सुबह बाबतपुर एयरपोर्ट से गोरखपुर के लिए रवाना होंगे।
केन्द्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की बैठक को लेकर संगठन के पदाधिकारी बारिश के बाद भी गंभीर है। पदाधिकारी बैठक को लेकर पहले से ही होमवर्क कर चुके हैं। बैठक में जिले व महानगर में बूथ संख्या, शक्ति केंद्र, विस क्षेत्रवार मतदाता संख्या, नए सदस्यों की संख्या आदि को लेकर गृहमंत्री पदाधिकारियों से सवाल कर सकते हैं। इसके पहले बाबतपुर एयरपोर्ट पर गृहमंत्री का स्वागत प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा,विधायक पिंडरा अवधेश सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या आदि ने किया।
श्रीधर
