Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगूंगी-बाहरी सरकार को लोकसभा चुनाव में सत्ता से बाहर करेगी जनता :...

गूंगी-बाहरी सरकार को लोकसभा चुनाव में सत्ता से बाहर करेगी जनता : रालोद

लखनऊ (हि.स.)। उप्र में हुए उपचुनाव में पश्चिमी यूपी की जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को मुंहतोड़ जवाब दिया है। यह सबक है जनविरोधी और किसान विरोधी ताकतों के लिए। यह बात खास बातचीत में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने कही।

उन्होंने गुरुवार को बताया कि मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट पर बीते दिनों हुए उपचुनाव में जनता ने गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया को जीत मिली है। यह किसान, बेरोजगार, नौजवान, मंहगाई से त्रस्त जनता का सत्ता में बैठी भाजपा सरकार के लिए लोकसभा चुनाव से पूर्व नाराजगी का संकेत है। आगे आने वाले लोकसभा चुनाव में देश एवं प्रदेश की जनता गूंगी बहरी सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।

रालोद कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा खुद को किसान का हितैषी बताती है, लेकिन असल में यह उनकी विरोधी हैं। लगातार उप्र में किसानों का शोषण किया जा रहा है इसलिए गन्ने के नये मूल्य घोषित करने से योगी सरकार कतरा रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह के निर्देश पर पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में किसान संदेश अभियान की शुरुआत की गयी है जिसमें गन्ने का नये लाभकारी मूल्य घोषित कराने व बकाया भुगतान की मांग को लेकर किसानों के एक लाख से अधिक पत्र प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे जा रहे हैं।

इससे पूर्व विधानसभा की सदस्यता लिए जाने पर बीते दिनों राष्ट्रीय लोकदल के नवनिर्वाचित विधायक मदन भैया का प्रदेश मुख्यालय पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया था। विधायक ने कहा कि खतौली की जनता ने राष्ट्रीय लोकदल को अपना अपार स्नेह और आशीर्वाद दिया है।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular