मेट्रो कॉरिडोर डिपो ऐसेम्बलिंग कर उतारी गई कोच
कानपुर (हि.स.)। कानपुर में जल्द शुरू होने जा रही मेट्रो ट्रेन की तैयारियों में मंगलवार को एक और उपलब्धि जुड़ गई। जनपद में आज दूसरी ट्रेन का सेट कानपुर पहुंचा। तीन कोच की दूसरी मेट्रो ट्रेन गुजरात से आई है। मेट्रो ट्रेनों का जल्द ही मेट्रो कॉरिडोर के डिपो में ट्रैक ट्रायल किया जाएगा।
कानपुर में पहले चरण के तहत आईआईटी से मोतीझील के बीच नौ किमी0 दूरी तक मेट्रो ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। अगले माह नवम्बर में इसका ट्रायल रन होने वाला है। इसको लेकर ट्रैक निर्माण से लेकर स्टेशनों पर अंतिम चरण का कार्य किया जा रहा है। ट्रैक पर समयबद्ध मेट्रो ट्रेनें चलाई जा सके इसको लेकर कानपुर में बीते माह पहली तीन कोच की पहली मेट्रो ट्रेन गुजरात राज्य के वड़ोदरा में स्थित सावली के मैनुफैक्चरिंग प्लान्ट से लाई गई थी।
मंगलवार को दूसरी तीन कोच की मेट्रो ट्रेन कानपुर पहुंची। यहां पर मेट्रो कॉरिडोर-I के डिपो (गुरुदेव चौराहे पर स्थित) पहुंचने पर यूपीएमआरसी के स्टॉफ कर्मियों द्वारा ट्रेनों को कंटेनर से उतारने का काम शुरू हुआ। रोलिंग स्टॉक विभाग डिपो के अंदर ट्रेन की सावधानी के साथ ऐसेम्बलिंग कराई गई। यूपीएमआरसी की तरह से दी गई जानकारी में बताया गया कि जल्द ही डिपो के अंदर बने 650 मीटर लम्बे टेस्ट ट्रैक पर मेट्रों ट्रेनों के साथ परीक्षण किया जाएगा।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव द्वारा बताया गया है कि कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत आईआईटी से मोतीझील के बीच 09 किमी. लम्बे प्राथमिक सेक्शन पर नवम्बर माह की 15 तारीख को ट्रायल रन शुरू करना है। इसके बाद जनवरी, 2022 में आम जनता के लिए प्रथम चरण के नौ किमी0 ट्रैक पर मेट्रो सेवाओं का विधिवत शुभारंभ कर दिया जाएगा।
