मेरठ (हि.स.)। किसान आंदोलन को समाप्त करके वापस मुजफ्फरनगर जा रहे भाकियू नेता राकेश टिकैत का बुधवार को मेरठ में सिवाया टोल प्लाजा पर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने तिरंगे के साथ राकेश टिकैत को बधाई दी और काफिले को मुजफ्फरनगर के लिए रवाना किया।
गाजीपुर बॉर्डर से किसानों ने अपने तंबू-कनात समेट लिए और बुधवार को वापस मुजफ्फरनगर के लिए निकल पडे। रास्ते में गाजियाबाद और मुरादनगर में भाकियू नेता राकेश टिकैत का जोरदार स्वागत किया गया। दोपहर बाद मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा पर भी किसानों ने राकेश टिकैत का जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही टोल प्लाजा पर भी चल रहा भाकियू का धरना समाप्त हो गया।
कार्यकर्ताओं ने राकेश टिकैत पर फूल बरसाएं और तिरंगे लहराए। गाडियों के काफिले में राकेश टिकैत ने किसान आंदोलन को सभी किसानों की जीत बताया। इससे पहले मेरठ में मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल के सामने कार्यकर्ताओं ने काफिले का स्वागत किया। टोल प्लाजा से धूमधाम के साथ कार्यकर्ताओं ने राकेश टिकैत के काफिले को मुजफ्फरनगर जिले के सिसौली के लिए रवाना किए। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ईकडी, विजयपाल घोपला, जय सिंह, संजय, राजेश, अजय, सुबोध, सुधीर आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
