नगर निगम का ऑपरेशन कायाकल्प
गाजियाबाद (हि.स.)। आगामी बारिश के मौसम तक शहर के 50 से ज्यादा तालाब साफ पानी से लबालब होंगे। इनका सुंदरीकरण होगा। चारों तरफ सघन वृक्ष और घास होगी।गाजियाबाद नगर निगम ने तालाबों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। जिसमें मई माह तक 50 तालाबों के सुंदरीकरण का निर्णय लिया गया है। अभीतक 46 तालाब तलाशे जा चुके हैं। पहले चरण में कुल दस तालाबों का कायाकल्प किया जाएगा जिनमें तीन तालाबों का काम शुरू हो चुका है।नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम ने पिछले दिनों तालाबों का सर्वे कराया गया था जो अभी भी जारी है लेकिन अभीतक सर्वे रिपोर्ट में कुल 46 तालाबों को चिन्हीकरण किया गया है जहां पर मौजूदा स्थिति में तालाबों को मर्तरूप दिया जा सकेगा। अभी सर्वे का काम चल रहा है।उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में कुल दस तालाबों की कायाकल्प करने का निर्णय लिया गया है। जो तालाब चिन्हित किए गए हैं उनमें सदरपुर गांव में दो, मोरटा गांव में दो, सिकरोड़ में एक, बम्हैटा में एक, रईसपुर में एक, सादिकपुर काजीपुरा में एक तथा दुहाई में एक तालाब है। प्रत्येक तालाब के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा। जिसमें मेयर, नगर आयुक्त पदेन सदस्य रहेंगे। संबधित गांव व कॉलोनी के सक्रिय लोगों को भी इन समितियों में रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि तालाबों की तली तक सफाई की जाएगी और उससे निकलने वाली सिल्ट को बाहर डाला जाएगा। पानी को भी खेतों या नाली में डाला जाएगा। इसके बाद तालाब को पूरी तरह से सुखाने के बाद ट्रैक्टर से लेबलिंग की जाएगी। तालाब के चारों तरफ सघन पौधारोपण व घास आदि लगाकर उसका सुंदरीकरण किया जाएगा।
