Friday, March 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगंगापुल पर चल रहे कंटेनर ट्रक पर लगी आग, भीषण जाम

गंगापुल पर चल रहे कंटेनर ट्रक पर लगी आग, भीषण जाम

– शार्ट सर्किट से लगी आग, चालक ने पुल पर खड़ा कर दिया कंटेनर

कानपुर (हि.स.)। लखनऊ से कानपुर की ओर आ रहे एक कंटेनर ट्रक में शार्ट सर्किट से आग लग गई। हादसा देख चालक ने कंटेनर को बंद करके जाजमऊ गंगा पुल पर खड़ा कर दिया। आग की खबर पर गंगापुल पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। वहीं देखते ही देखते लखनऊ कानपुर हाइवे में भीषण जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगवाकर कंटेनर हटवाया और कई घंटों तक पुलिस यातायात बहाल करने के लिए मशक्कत करती रही।

जाजमऊ गंगा पुल पर उन्नाव की ओर से मंगलवार को इलेक्ट्रानिक्स सामान से लदा एक कंटेनर ट्रक कानपुर की ओर आ रहा था। कंटेनर पुल के बीच पहुंचा ही था कि अचानक उसमें शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग का धुआं देख दूसरे वाहन चालकों ने तेज आवाज दी तो कंटेनर चालक ने सूझ-बूझ के साथ कंटेनर ट्रक को पुल पर ही बंद कर दिया और किसी तरह से आग पर काबू पाया। आग लगने से ट्रक उसी जगह पर खड़ा रह गया और उसकी वायरिंग पूरी तरह से जल गई। गंगा पुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और अफरा तफरी का माहौल बन गया। भीषण जाम की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगवाकर किसी तरह से कंटेनर को पुल से हटवाया। इस दौरान करीब आठ किमी तक वाहन जाम में फंसे रहे। जाजमऊ थाना प्रभारी ने बताया कि करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को बहाल कर दिया गया है। गनीमत रही कि किसी प्रकार का बड़ा हादसा नहीं हुआ।

महमूद

RELATED ARTICLES

Most Popular