-कांग्रेस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने कहा, जगह-जगह हो रहे प्रदर्शन, लेकिन सरकार कर रही झूठा दावा
लखनऊ (हि.स.)। खरीफ फसलों की कटाई के बाद किसान रबी फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में खाद न मिलने की स्थिति में रबी फसलों की बुवाई में देरी हो सकती है। इसका असर फसल की उपज पर भी पड़ सकता है। पूर्वांचल, मध्यांचल में कानपुर से लेकर बाराबंकी तक, इटावा से लेकर चंदौली तक किसानों को खाद की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। यही हाल बुंदेलखंड के किसानों का भी है। इसके बावजूद सरकार किसानों पर ध्यान नहीं दे रही है। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने कही।
उन्होंने कहा कि खाद केंद्रों पर खाद न मिलने पर किसानों द्वारा जगह-जगह विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिल रहा है। योगी सरकार लगातार अपनी अक्षमता को छुपाने के लिए अधिकारियों से पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता का झूठ बुलवा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश कांग्रेस लगातार खाद केंद्रों पर पैनी नजर रखे हुए हैं और जिम्मेदार अधिकारियों से किसानों को समुचित खाद दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता लगातार किसानों के बीच जा करके उनकी समस्याओं से प्रदेश सरकार के अधिकारियो को अवगत भी करा रहे हैं, परंतु प्रदेश सरकार के कान में कोई जूं तक नहीं रेंग रही। सरकार के अधिकारीगण लगातार मीडिया प्लैनिंग मैनेजमेंट और इवेंट के माध्यम से योगी सरकार को किसानों का हितेषी दिखाने का झूठा नाटक कर रहे है, जबकि सच्चाई सरकारी दावों के बिल्कुल उलट है।
उपेन्द्र
