Saturday, September 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकोविड अस्पताल में ओवर बिलिंग होने पर स्टैटिक मजिस्ट्रेटों पर होगी कार्यवाही...

कोविड अस्पताल में ओवर बिलिंग होने पर स्टैटिक मजिस्ट्रेटों पर होगी कार्यवाही : जिलाधिकारी

कानपुर। जनपद में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के फैलाव को कम करने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसके साथ ही निजी कोविड अस्पतालों की मनमानी की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है और जिलाधिकारी बराबर अस्पतालों की निगरानी कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने बुधवार को रामा मेडिकल कालेज के निरीक्षण के दौरान स्पष्ट कहा कि स्टैटिक मजिस्ट्रेट निजी कोविड अस्पतालों की बराबर निगरानी करें और रिपोर्ट भेजें। इसके साथ ही यह भी कहा कि अगर अस्पताल ओवर बिलिंग करते पकड़ा गया तो अस्पताल के साथ ही स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी। 
जिलाधिकारी आलोक तिवारी रोजाना की भांति बुधवार को भी मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अनिल कुमार मिश्र के साथ निजी कोविड अस्पतालों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले रामा मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपनी ड्यूटी स्पॉट पर मुस्तैद रहें और कड़ी निगरानी रखें कि अस्पताल में किसी भी स्थिति में ओवर बिलिंग न हो। यदि ओवर बिलिंग की शिकायत आई और उन्हें इसकी जानकारी नही हुई तो अस्पताल प्रशासन के साथ-साथ उनके खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी। अस्पताल प्रशासन अपने यहां भर्ती गंभीर मरीजों की निगरानी रखें और चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहें। यदि औचक निरीक्षण के दौरान या स्टैटिक मजिस्ट्रेट की सूचना पर यह ज्ञात हुआ कि विशेषज्ञ डाक्टर फूल टाइम नहीं है या नहीं आ रहे हैं तो अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि आईसीयू में निश्चेतक फुल टाइम रहें तथा चेस्ट स्पेशलिस्ट, एमडी मेडिसिन भी फुल टाइम रहने चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि जो भी आईसीयू क्षमता वर्तमान में चल रही है उसको बढ़ाकर और 75  आईसीयू करने हेतु युद्ध स्तर कर कार्य किया जाए तथा 75 आईसीयू बेड के सापेक्ष फुल टाइम निश्चेतक, चेस्ट स्पेशलिस्ट, एमडी मेडिसिन की नियुक्ति भी की जाए। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान निर्देशित करते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासन उनके यहां भर्ती समस्त गंभीर मरीजों की निगरानी विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा 24 घंटे करें तथा उसकी रिपोर्ट प्रतिदिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी दे। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर उपस्थित रहें।

RELATED ARTICLES

Most Popular