-रैपिड एन्टीजन की संख्या में वृद्धि, आरटीपीसीआर टेस्ट पूरी क्षमता से करने के निर्देश
-कहा, लखनऊ में विशेष ध्यान देते हुए रिकवरी दर को किया जाए बेहतर
लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कोविड चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री सोमवार को यहां अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना के नए स्ट्रेन की जांच के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। टेस्टिंग कार्य को पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि रैपिड एन्टीजन टेस्ट की संख्या में वृद्धि की जाए। उन्होंने आरटीपीसीआर टेस्ट को भी पूरी क्षमता से करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद लखनऊ में विशेष ध्यान देते हुए रिकवरी दर को बेहतर किया जाए। इस सम्बन्ध में एक रणनीति तैयार करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जनपद की उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कोरोना से बचाव के सम्बन्ध में लोगों को निरन्तर जागरूक किए जाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद स्तर पर इन्टीग्रेटेड कमाण्ड ऐण्ड कन्ट्रोल सेन्टर को पूरी सक्रियता से संचालित किया जाए। जिलाधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रतिदिन अनिवार्य रूप से सुबह कोविड चिकित्सालय में तथा शाम को इन्टीग्रेटेड कमाण्ड ऐण्ड कन्ट्रोल सेन्टर में बैठक आयोजित कर कार्यों की समीक्षा तथा आगे की रणनीति तय की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के आयोजन के लिए सभी तैयारियां की जाएं। मेले के दौरान लोगों को कुपोषण के सम्बन्ध में जागरूक किया जाए। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में आमजन को कोरोना से बचाव सम्बन्धी उपाय भी बताए जाएं।
कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए बरती जाए विशेष सतर्कता: योगी आदित्यनाथ
RELATED ARTICLES
